PM Awas Yojana की स्वीकृत राशि देने के बदले सरपंच ने ली रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया

गुरुवार की दोपहर को फरियादी नागराज ने रिश्वत के पैसे देने के लिए आरोपी को अपनी पंचर की दुकान पर बुलाया, इस दौरान लोकायुक्त पुलिस भी छिपी हुई थी जैसे ही सरपंच ने रिश्वत की राशि हाथ में ली लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ उसे पकड़ लिया ।
lokayukta action

lokayukta police action

PM Awas Yojana Sarpanch arrested taking bribe : जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने बनखेड़ी ग्राम पंचायत के सरपंच को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। फरियादी एक पंचर की दुकान चलाता है और बीते कई दिनों से सरपंच रुपए के लिए परेशान कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक फरियादी नागराज को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि स्वीकृत हुई थी। जिसे सरपंच और सचिव के साइन के बाद ही जारी किया जाता है। मार्च 2025 में आवास योजना की प्रथम किस्त का भुगतान नागराज को हो चुका था, अब जल्द ही अगली किस्त मिलनी थी, जिसके लिए सरपंच कमल प्रसाद पटेल ने फरियादी से रिश्वत की मांग की थी।

सरपंच बोला- 5 हजार रुपये नहीं मिले तो पीएम आवास योजना की राशि नहीं मिलेगी

ग्राम बनखेड़ी तिगड्डा में रहने वाले फरियादी नागराज के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह रिश्वत दे सके। कई बार सरपंच के सामने अपनी समस्या रखते हुए नागराज ने बताया कि आवास योजना की राशि मिल जाने के बाद जरूर पैसे दे देगा, पर अभी नहीं है। नागराज की बातों को सरपंच कमल प्रसाद पटेल पर किसी भी तरह का असर नहीं हो रहा था उसने चेतावनी दी कि अगर 5 हजार रुपये नहीं मिले तो प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि नहीं मिलेगी।

पीड़ित ने लोकायुक्त एसपी से सरपंच की शिकायत की 

सरपंच की चेतावनी से डरकर फरियादी ने गांव के अपने एक दोस्त को सारी बात बताई, जिसके बाद फैसला लिया गया कि सरपंच के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की जाएगी। मझौली तहसील के ग्राम बनखेड़ी में रहने वाले फरियादी नागराज ने बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त एसपी से सरपंच की शिकायत की।

रिश्वत लेने फरियादी की पंचर की दुकान पर पहुंचा सरपंच, लोकायुक्त ने पकड़ा 

जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी लंबे समय से परेशान कर रहा है। गुरुवार की दोपहर को नागराज ने रिश्वत के पैसे देने के लिए आरोपी को अपनी पंचर की दुकान पर बुलाया, इस दौरान लोकायुक्त पुलिस आसपास तैनात थी। सरपंच कमल प्रसाद पटेल ने जैसे ही 5 हजार रुपए लिए, तुरंत ही लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों उसे गिरफ्तार कर लिया।

 जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews