
जबलपुर, संदीप कुमार। जबलपुर (Jabalpur) में कोरोना-डेंगू (Corona-Dengue) के बाद अब एक बार पुनः ब्लैक फंगस (Black Fungus) ने अपने पैर जमाना शुरू कर दिया है। जबलपुर में आज डेंगू से बीमार एक युवक को ब्लैक फंगस होने का मामला सामने आया है। कहा जा रहा है कि संभवतः यह मध्यप्रदेश (MP) में पहला मामला है जब कोई डेंगू से पीड़ित व्यक्ति ब्लैक फंगस से बीमार हुआ हो।
यह भी पढ़ें…Neemuch Accident: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 16 घायल, 4 गंभीर
जानकारी के मुताबिक एक युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। जहाँ उसकी प्लेटलेट्स तो नॉर्मल थी पर आंखों के निचले हिस्से में मवाद भर गया है। जिसे अब ईएनटी विभाग के डॉक्टर दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर उसे बाहर निकालेंगे। बताया जा रहा है कि इस तरह की बीमारी देखकर जबलपुर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर भी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले मरीज को मेडिकल कॉलेज जबलपुर में भर्ती किया गया था, उस समय मरीज डेंगू से पीड़ित था। मरीज के स्वास्थ्य में सुधार भी हुआ पर उसकी आंखों में बीमारी देखी गई जिसके बाद नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क किया गया उन्होंने जब देखा तो पाया कि मरीज को ब्लैक फंगस इंफेक्शन है।
अब दूरबीन विधि से किया जाएगा मरीज का ऑपरेशन
ईएनटी विभाग की प्रमुख डॉ. कविता सचदेवा ने बताया कि मरीज का पहले डेंगू का इलाज चला था, इसी दौरान उसे ब्लैक फंगस की दवा भी दी जा रही थी, मरीज डेंगू पूरी तरह से ठीक हो चुका है. प्लेटलेट्स भी उसकी नॉर्मल थी,इस बीच उसकी जरूरी जांच की गई तो पता चला कि उसका ब्लैक फंगस का ऑपरेशन करना होगा। मरीज की दोनों आंखों के पीछे काफी इंफेक्शन हो गया है। जिसकी नाक के पास दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर निकाला जाएगा।
