
lokayukta police action
रिश्वतखोर शासकीय सेवक के खिलाफ जबलपुर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पनागर नगर पालिका में पदस्थ सब इंजीनियर को आज 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शुभम जैन है, जो जबलपुर के एक ठेकेदार का बिल पास करवाने के लिए लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक ठेकेदार राजेंद्र सतनामी ने सब इंजीनियर शुभम जैन द्वारा रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर लिखित में शिकायत की। आज दोपहर को परीक्षण करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने सब इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
फ़ाइनल बिल पास करने के बदले मांगी रिश्वत
ठेकेदार राजेंद्र सतनामी ने पनागर नगर पालिका में कीटनाशक दवाओं का टेंडर लिया था, जिसका कुछ भुगतान हो चुका था, और कुछ फाइनल राशि बची हुई थी, जिसे जारी करने के लिए शुभम जैन के द्रारा 50 हजार रुपए कमीशन के तौर पर मांगे जा रहे थे। ठेकेदार बार-बार इंजीनियर से मिन्नत कर रहा था कि ठेकेदारी में इतना पैसा नहीं बचता है कि कमीशन दिया जा सके पर शुभम मानने को तैयार नहीं था।
40,000/- रुपये रिश्वत ले रहा सब इंजीनियर पकड़ा
परेशान होकर ठेकेदार राजेंद्र ने लोकायुक्त एसपी को लिखित में शिकायत की। शिकायत की जांच करने पर सही पाया गया और आज दोपहर को शुभम जैन जब अपने आफिस में बैठकर रिश्वत के 40 हजार रुपए ले रहा था, तभी लोकायुक्त पुलिस ने उसे धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिक में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

