4 लाख रुपये का लोन पास करने SBI असिस्टेंट मैनेजर ने मांगी 40000 की रिश्वत, 10000 रुपये लेते हाउस कीपर गिरफ्तार

सरकार के निर्देश हैं कि लोन के लिए आवेदन करने वाले आवेदक को परेशान नहीं किया जाये उसके आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर लोन स्वीकृत किया जाये लेकिन लोन स्वीकृत करने वाले अधिकारी बिना रिश्वत लिए ये काम नहीं कर रहे ।
bribe

देश और प्रदेश की सरकारें अलग अलग योजनाओं के माध्यम से जरुरतमंदों को लोन उपलब्ध करा रहे हैं लेकिन सहकारी समितियों में और बैंकों में बैठे रिश्वतखोर सरकारों की मंशा पर पलीता लगा रहे हैं, लोकायुक्त पुलिस ने आज ऐसे ही भ्रष्ट अफसरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मध्य प्रदेश की लोकायुक्त पुलिस ने आज की जिलों में रिश्वतखोरों पर कार्रवाई की, जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने मंडला में रिश्वतखोर जिला सहकारी समिति मर्यादित मोहगांव के समिति प्रबंधक सोहेल खान को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया वे केसीसी पर स्वीकृत 1 लाख रुपये के लोन को पास करने के बदले रिश्वत ले रहे थे, इसमें उनका एक सहयोगी भी शामिल था।

इसी तरह इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने भारतीय स्टेट बैन के असिस्टेंट मैनेजर पर मामला दर्ज किया है उनपर आरोप है कि उन्होएँ 4 लाख रुपये का लोन पास करने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी , लोकायुक्त पुलिस ने उनकी बैंक के हॉउस कीपर को आवेदक से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

इंदौर लोकायुक्त पुलिस एसपी राजेश सही के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक झाबुआ जिले की थांदला तहसील के ग्राम नरसिंगपाडा में रहने वाले पंकेश सिंगाड ने एक शिकायती आवेदन में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा खवासा तहसील थांदला जिला झाबुआ में पदस्थ असिस्टेंट मैनेजर/फील्ड ऑफिसर ऋषभ शुक्ला पर 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।

SBI में दिया किराना दुकान खोलने के लिए लोन का आवेदन 

शिकायत में आवेदक पंकेश सिंगाड ने बताया कि उसने 26 जून 2025 को किराना की दुकान संचालित करने के लिए एमपी ऑनलाइन के माध्यम से 4 लाख रुपये के लोन लेने के लिए आवेदन दिया था, उसके अगले दिन 27 जून को वो ऑनलाइन आवेदन के प्रिंट आउट को लेकर असिसटेंट मैनेजर/ फील्ड ऑफिसर ऋषभ शुक्ला के पास गया।

असिस्टेंट मैनेजर ने मांगी 40 हजार रुपये की रिश्वत 

इसके कुछ दिन बाद जब वो लोन के विषय में बात करने बैंक गया तो उसे वहां स्टोर कीपर (बीएचएस सिक्यूरिटी एण्ड सर्विसेस, 30 नागझिरी उज्जैन) हीरालाल लोहार मिला उसने कहा वो साहब से कहकर लोन पास करवा देगा, जिसके बाद वो हीरालाल के साथ ऋषभ शुक्ला से मिला तो इन लोगों ने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

रिश्वत की राशि हाथ में आते ही गिरफ्तार  

शिकायत के बाद एसपी लोकायुक्त के निर्देश पर इसका सत्यापन किया गया जो सही पाए जाने के बाद आज 4 सितम्बर को ट्रैप दल गठित कर टीम बैंक पहुंची जहाँ ऋषभ शुक्ला द्वारा बताये अनुसार हीरालाल लोहार को आवेदक पंकेश सिंगाड ने रिश्वत की राशि 10 हजार रुपये दी, राशि हाथ में आते ही लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपीगण के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं बीएनएस 61 (2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews