झारखंड निकाय चुनाव 2026 की मतगणना शुरू, 48 शहरी निकायों के 6 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) के लिए आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद आज शाम तक अधिकतर नतीजे आने की उम्मीद है, जिससे यह तय होगा कि शहरों की सरकार पर किसका नियंत्रण होगा।
झारखंड निकाय चुनाव 2026 की मतगणना शुरू, 48 शहरी निकायों के 6 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

झारखंड के शहरी इलाकों में राजनीतिक दबदबे की तस्वीर आज साफ हो जाएगी। राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) के लिए हुए चुनावों की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। इस चुनाव के नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यह तय करेगा कि शहरों में हेमंत सोरेन सरकार का प्रभाव कायम रहेगा या बीजेपी बाजी मारेगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना के शुरुआती रुझान सुबह 10 बजे के बाद आने लगे और दोपहर तक कई जगहों पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की संभावना है। 23 फरवरी को हुए मतदान में 63 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें शहरी क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया था।

किसके सिर सजेगा शहर का ताज?

इस बार का निकाय चुनाव कई मायनों में अहम है। भले ही यह चुनाव किसी राजनीतिक दल के चिन्ह पर नहीं लड़ा गया, लेकिन प्रमुख दलों ने अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मैदान में कुल 6 हजार से ज्यादा उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

महापौर और अध्यक्ष के 562 पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 235 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, वार्ड पार्षद के पदों के लिए 5,562 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है, जिनमें 2,727 महिला उम्मीदवार हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में जाता है।

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया, “धनबाद को छोड़कर 47 शहरी निकायों में आज ही मतगणना पूरी हो जाएगी। धनबाद नगर निगम में गिनती नौ चरणों में होनी है, इसलिए वहां अंतिम नतीजे शनिवार तक आने की उम्मीद है।”

राज्य के कुल 1,087 वार्डों में से 1,042 वार्डों में ही मतदान हुआ था। 41 पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्डों में नामांकन नहीं होने के कारण सीटें खाली रह गईं। मानगो नगर निगम के एक वार्ड में उम्मीदवार की मौत के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया था। अब सभी की नजरें अंतिम नतीजों पर हैं, जो राज्य की शहरी राजनीति की दिशा तय करेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews