
पश्चिम बंगाल स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (WBSSC) द्वारा ग्रुप सी और ग्रुप डी के कुल 8477 पदों पर भर्ती की जा रही है, जिसके लिए आयोग द्वारा आवेदन प्रक्रिया और तारीखें जारी कर दी गई हैं। बता दें कि जो उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे 3 नवंबर 2025 से आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर 2025 शाम 5:00 बजे तय की गई है। यानी इच्छुक उम्मीदवारों को इससे पहले आवेदन करना होगा।
अगर आप भी पश्चिम बंगाल में ग्रुप सी और ग्रुप डी के पदों पर कार्य करना चाहते हैं, तो आपको आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.westbengalssc.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। लेकिन इससे पहले आपको योग्यता और चयन प्रक्रिया पर नजर डाल लेनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता पर नजर डालें
शैक्षणिक योग्यता पर नजर डालें तो ग्रुप सी पदों जैसे क्लर्क आदि के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से माध्यमिक या समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है, जबकि ग्रुप डी पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का कम से कम आठवीं कक्षा पास होना आवश्यक है।
क्या होनी चाहिए आयु सीमा ?
वहीं, आयु सीमा पर नजर डालें तो उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि आवेदन करने के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष रखी गई है। यानी अगर आप इस आयु सीमा के बीच में आते हैं, तो आप आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट, जबकि ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
वहीं, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की बात की जाए तो ग्रुप सी और ग्रुप डी के लिए आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को ₹400 का शुल्क चुकाना होगा। हालांकि, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क मात्र ₹150 रखा गया है। जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी तारीख आयोग द्वारा अपनी वेबसाइट पर जारी की जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उम्मीदवारों को जानकारी दी जाएगी। इसके बाद ही योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाएगी।
कैसे करें आवेदन?
अगर आप इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं, तो आपको सबसे पहले www.westbengalssc.com पर जाना होगा, जहां होम पेज पर दिए गए Apply Online पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आपको नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन फॉर्म खुलने के बाद आपको फॉर्म को सही प्रकार से भरना होगा। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी अपलोड करनी होगी और फॉर्म को सबमिट करना होगा। याद रखें, फॉर्म सबमिट करने के बाद इसे डाउनलोड अवश्य करें और भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

