कटनी में बीजेपी नेता अशोक विश्वकर्मा के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा, भाई के घर-दफ्तर-खदानों की भी तलाशी

आयकर विभाग की तड़के की गई इस कार्रवाई से जिले के राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया है। भाजपा नेता एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ रेड डाली गई। अलग-अलग शहरों से पहुंची आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हैं।
Katni Income Tax Raid

Katni Income Tax Raid

कटनी में बुधवार को आयकर विभाग ने भाजपा के दिग्गज नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के कई ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई सुबह लगभग 4 बजे शुरू हुई। भोपाल, जबलपुर और कटनी से आई आयकर विभाग की टीमों में शामिल 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने उनके विभिन्न ठिकानों पर छापा मारा।

सूत्रों के अनुसार, ये कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और माइनिंग कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच को लेकर की जा रही है। अशोक विश्वकर्मा के अलावा उनके भाई शंकरलाल विश्वकर्मा के घर, दफ्तर, खदान और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों  पर भी छापा मारा गया है।

बीजेपी नेता के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा

कटनी जिले में बीजेपी नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा और उनके परिजनों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई की। भोपाल, जबलपुर और कटनी से आई टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। आयकर विभाग की टीमों में पचास से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों हैं जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल हैं। आयकर विभाग की टीमों एक साथ जालपा देवी वार्ड और गौतम मोहल्ला स्थित आवास एवं कार्यालय, टिकरिया ग्राम और सिघनपुरी में खदानें तथा अन्य माइनिंग साइट्स, पानी की बॉटलिंग फैक्ट्री, बरगवां स्थित होटल परिसर में एक साथ छापा मारा है। सभी ठिकानों पर दस्तावेज, बैंक लेन-देन, निवेश, संपत्ति संबंधी कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है।

अटकलों का बाज़ार गर्म 

कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए इन सभी स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कार्रवाई किसी शिकायत पर आधारित है या नियमित जांच का हिस्सा है। कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। जिले में इस रेड को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। खास तौर पर यह बात चर्चा में है कि कुछ ही दिन पहले ही अशोक विश्वकर्मा की मां का निधन हुआ था और तेरहवीं के मात्र तीसरे दिन यह कार्रवाई हुई है जिसे समय को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा के प्रभावशाली नेता और माइनिंग कारोबारी अशोक विश्वकर्मा के यहां इतने बड़े स्तर की छापेमारी से राजनीतिक और कारोबारी क्षेत्र में भी हड़कंप की स्थिति है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews