
Khandwa News : खंडवा जिले के ग्राम सालई ढाणा में अज्ञात हत्यारों ने खेत में टापरी के बाहर सो रहे पति पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी। दोनों रात में खाना खाकर गांव में स्थित घर से खेत मे सोने आये थे। सुबह बेटे ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। वही इस डबल मर्डर से पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई है। पिपलौद थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सालई ढाणा में गांव के बाहर शंकरलाल का खेत है। गांव में मकान होने से तीन बेटे अपने परिवार के साथ वहां रह रहे थे। सुबह एक बेटा उमेश अपनी दादी मंगरा बाई के साथ खेत मे मक्का की फसल में खाद डालने आया था। उसने खटिया पर सो रहे अपने माता-पिता को आवाज दी। जब उनकी तरफ से जवाब नहीं आया तो उमेश उठाने पहुंचा।
उमेश नजदीक पहुंचा तो उसे खटिया के पास खून पड़ा दिखा, यह देख उसके होश उड़ गए। शंकरलाल और काली बाई ने गले तक चादर ओढ़ रखी थी। उमेश ने चादर हटाकर देखा तो दोनों के गले किसी धारदार हथियार से रेते हुए थे। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, पिपलौद थाना प्रभारी हरिसिंह रावत ने पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंचकर सर्चिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद जिला मुख्यालय से एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल भी घटनास्थल पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि हत्या किस वजह से की गई है और हत्यारे कौन हैं?
[dgv_vimeo_video id=”836168133″]
खंडवा से सुशील विधाणी की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

