Hindi News

सर्दियों में गुड़ खाना फायदेमंद, लेकिन हर किसी के लिए नहीं, जानिए किसे खाना चाहिए और किसे नहीं

Written by:Bhawna Choubey
Published:
ठंड के मौसम में गुड़ शरीर को गर्म रखता है और खून साफ करता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ लोगों के लिए ये नुकसानदायक भी हो सकता है? जानिए किन लोगों को गुड़ खाना चाहिए और किन्हें इससे दूर रहना चाहिए।
सर्दियों में गुड़ खाना फायदेमंद, लेकिन हर किसी के लिए नहीं, जानिए किसे खाना चाहिए और किसे नहीं

सर्दियां आते ही हमारी रसोई में गुड़ (Jaggery) की खुशबू फैलने लगती है। चाय में हो, रोटी के साथ या फिर तिल और मूंगफली के साथ गुड़ हर रूप में स्वाद बढ़ा देता है। पुराने जमाने से ही दादी-नानी गुड़ को सेहत का खजाना बताती आई हैं। कहा जाता है कि सर्दियों में अगर रोज थोड़ा-सा गुड़ खा लिया जाए, तो सर्दी-जुकाम, थकान और कमजोरी दूर रहती है।

लेकिन क्या गुड़ हर किसी के लिए फायदेमंद होता है? इसका जवाब है नहीं। हर किसी के शरीर की ज़रूरत और स्थिति अलग होती है। कुछ लोगों के लिए गुड़ दवा की तरह काम करता है, तो कुछ के लिए यह परेशानी बढ़ा सकता है। चलिए जानते हैं कि सर्दियों में गुड़ खाने के असली फायदे क्या हैं, और किन लोगों को इससे बचना चाहिए।

गुड़ खाने के फायदे (Jaggery Benefits in Winter)

1. शरीर को गर्म रखता है

सर्दियों में गुड़ शरीर को अंदर से गर्म रखता है। इससे ठिठुरन, सर्दी-जुकाम और थकान जैसी समस्याएं कम होती हैं। यही वजह है कि ठंड के मौसम में लोग गुड़ वाली चाय, रोटी के साथ गुड़ या तिल-गुड़ के लड्डू खाना पसंद करते हैं।

2. खून साफ करता है और हीमोग्लोबिन बढ़ाता है

गुड़ खून को साफ करने के साथ ही शरीर में आयरन की कमी पूरी करता है। यह हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ाने में मदद करता है, इसलिए जिन लोगों को एनीमिया या कमजोरी की समस्या होती है, उनके लिए गुड़ बेहद फायदेमंद होता है।

3. डाइजेशन सुधारे और कब्ज दूर करे

खाने के बाद थोड़ा-सा गुड़ खाने से पाचन बेहतर होता है और कब्ज या गैस की परेशानी से राहत मिलती है। यह पेट की सफाई में मदद करता है और पाचन तंत्र को सक्रिय रखता है, जिससे खाना आसानी से पच जाता है।

4. इम्यूनिटी बढ़ाता है

गुड़ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन और मिनरल्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। सर्दियों में यह मौसमी बीमारियों जैसे खांसी-जुकाम से बचाता है और शरीर को एनर्जी से भर देता है।

किन लोगों को गुड़ खाने से करना चाहिए परहेज

1. डायबिटीज के मरीज रहें सावधान

गुड़ में नेचुरल शुगर होती है, लेकिन इसकी मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसलिए डायबिटीज यानी शुगर के मरीजों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए, या फिर डॉक्टर की सलाह के बाद ही सीमित मात्रा में खाना चाहिए।

2. एक्ने या पिंपल्स की समस्या वाले लोग

गुड़ शरीर में गर्मी बढ़ाता है, जिससे चेहरे पर दाने या पिंपल्स हो सकते हैं। जिनकी स्किन ऑयली है या जिन्हें बार-बार एक्ने की समस्या रहती है, उन्हें गुड़ बहुत कम मात्रा में ही खाना चाहिए।

3. वजन बढ़ने की समस्या वालों के लिए नुकसानदायक

गुड़ में कैलोरी ज्यादा होती है, इसलिए अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं तो इसे सीमित मात्रा में ही खाएं। ज़्यादा गुड़ खाने से वजन बढ़ सकता है और फैट जमा होने लगता है।

4. एलर्जी या अस्थमा के मरीजों को भी सावधानी जरूरी

कुछ लोगों को गुड़ खाने के बाद खांसी, एलर्जी या सांस लेने में तकलीफ महसूस होती है। यह शरीर में गर्मी बढ़ने की वजह से होता है। अगर ऐसी कोई दिक्कत हो, तो गुड़ से परहेज करना ही बेहतर है।

गुड़ खाने का सही तरीका और समय

गुड़ को कब और कैसे खाया जाए, इससे इसका असर बदल जाता है। खाने के बाद थोड़ी मात्रा में गुड़ खाना पाचन के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। गर्म पानी या घी के साथ गुड़ खाने से शरीर में तुरंत ऊर्जा आती है। सर्दियों की सुबह या दोपहर गुड़ खाने का सही समय है। रात में इसे खाने से बॉडी में हीट ज्यादा बढ़ सकती है।

गुड़ के साथ क्या खाएं

गुड़ और तिल: हड्डियों और जोड़ों के दर्द में राहत।

गुड़ और घी: शरीर को एनर्जी और त्वचा को चमक।

गुड़ और मूंगफली: सर्दियों में शरीर को गर्म रखने का बेहतरीन उपाय।

गुड़ और सौंफ: पाचन सुधारने और गैस दूर करने में फायदेमंद।

ठण्ड में कितना गुड़ खाना सही है?

सर्दियों में रोजाना थोड़ा-सा गुड़ खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन इसकी मात्रा सीमित रखना जरूरी है। डॉक्टरों के मुताबिक, दिनभर में 10 से 20 ग्राम तक गुड़ का सेवन शरीर को जरूरी गर्मी और एनर्जी देता है। इससे पाचन ठीक रहता है और इम्यूनिटी भी बढ़ती है। लेकिन अगर आप इसे ज़्यादा मात्रा में खाते हैं, तो शरीर में गर्मी बढ़ने, पिंपल्स निकलने या ब्लड शुगर लेवल बढ़ने की समस्या हो सकती है।