Hug Day : गले लगने का जादू- जज़्बात ज़ाहिर करने के साथ आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद

प्यार की झप्पी सच में जादू की झप्पी होती है। जब आप किसी को गले लगाते हैं तो उसके साथ आपको भी अजीब सा सुकून मिलता है। और ये 'सुकून' सिर्फ एक मानसिक अवस्था भर नहीं है, बल्कि गले लगने पर जो हार्मोन रिलीज होते हैं वो दो लोगों के बीच एक मज़बूत भावनात्मक जुड़ाव पैदा करते हैं। साथ ही ये तनाव, डिप्रेशन और बीपी जैसी समस्याओं को ठीक करने में भी मददगार है। इसीलिए प्यार वाले सप्ताह में तो अपने प्रिय को गले लगाइए ही, लेकिन इस कोमल स्पर्श को सिर्फ वैलेंटाइन वीक तक सीमित मत रखिए। जब भी अपने किसी प्रियजन को स्नेह, अपनापन या हौसला देने की जरूरत महसूस हो..उन्हें गले लगाइए।
Hug Day significance

Hug Day : किसी के प्रति अपनी भावनाएं ज़ाहिर करने का सबसे अच्छा तरीका क्या होता है ? हालांकि, हज़ार तरीके हो सकते हैं और सब अपने-अपने अंदाज़ में जज़्बात बयां करते हैं। लेकिन बिना कुछ कहे भी सबकुछ कह देना हो तो गले लगाने से बेहतर क्या हो सकता है। वैलेंटाइन वीक में आज ‘हग डे’ है और ये वो दिन है जब आप अपने प्यार को प्यार से गले लगा सकते हैं।

यूं गले लगने के लिए किसी खास मौके की ज़रूरत नहीं। प्यार ज़ाहिर करने के अलावा भी तमाम अवसर है जब आप किसी को गले लगा सकते हैं। प्रेमी-प्रेमिका, माता-पिता, बच्चे, रिश्तेदार, दोस्त, परिचितों को तो हम गले लगाते ही हैं लेकिन कोई अजनबी भी परेशान नज़र आए तो गले लगाकर तसल्ली दे सकते हैं। स्पर्श हज़ार शब्दों का काम करता है और गले लगने-लगाने के लिए हज़ारों इमोशन हो सकते हैं। कभी प्यार कभी अपनापन, दोस्ती, तसल्ली, दिलासा, साथ देने का अहसास, खुशी जताने सहित तमाम वजहें हो सकती हैं, जब आप किसी को गले लगा लें।

लग जा गले…

लेकिन जब हम वैलेंटाइन वीक में hug day की बात कर रहे हैं तो यहां जिक्र हो रहा है प्यार में बंधे दो लोगों का। और प्यार गले लगने-लगाने की रवायत के बिना भला कैसे आगे बढ़ेगा। क्योंकि गले लगाना सिर्फ एक शारीरिक क्रिया भर नहीं है, बल्कि ये अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सबसे गहरा और प्रभावशाली माध्यम है। प्यार से भरा आलिंगन सामने वाले तक आपकी भावनाएं ही नहीं पहुंचाता, बल्कि तनाव और चिंता भी कम करता है। उसे ये अहसास कराता है कि आप उसके साथ हैं और आपके रिश्ते में एक नई ऊर्जा का संचार होता है।

Hug करना मन और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद 

विज्ञान भी इस बात की पुष्टि करता है कि गले लगने से शरीर में ऑक्सिटोसिन हार्मोन रिलीज होता है जिसे जिसे आमतौर पर ‘लव हार्मोन’ या ‘हैप्पी हार्मोन’ के रूप में जाना जाता है। ऑक्सिटोसिन एक न्यूरोहॉर्मोन है, जो भावनात्मक जुड़ाव, विश्वास और आत्मीयता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब कोई व्यक्ति अपने प्रियजन को गले लगाता है तो मस्तिष्क को एक सकारात्मक संकेत भेजता है, जिससे ऑक्सिटोसिन का स्तर बढ़ जाता है। यही कारण है कि गले लगने से सुकून और खुशी का अहसास होता है।

रिसर्च में ये भी पता चला है कि ऑक्सिटोसिन सिर्फ खुशी और सुकून ही नहीं देता, बल्कि ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने, दिल की सेहत सुधारने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी सहायक होता है। साथ ही ये हार्मोन कोर्टिसोल (तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन) के स्तर को घटाकर अवसाद और घबराहट जैसी समस्याओं को भी कम करता है। इसके अलावा, गले मिलने से शरीर में डोपामाइन और सेरोटोनिन जैसे न्यूरोट्रांसमीटर भी सक्रिय होते हैं जो खुश रहने और सकारात्मक भावनाओं को बढ़ाने में सहायक होते हैं। इसीलिए हग डे हो या कोई भी दूसरा मौका..अपने प्रियजनों को गले लगाकर अपनी भावनाओं का इज़हार करते रहिए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews