अपने वीकेंड को बनाइए जायकेदार, इन टेस्टी हेल्दी और आसान रेसिपी के साथ

खाना सिर्फ पेट ही नहीं, मन को भी तृप्त करे तब मजा आता है। हफ्तेभर की भागमभाग में तो अक्सर ये लम्हें छूट ही जाते हैं। ऐसे में सप्ताहांत ही वो समय होता है जब आप अपने लिए और अपनों के लिए कुछ खास बना सकते है। और इस दौरान आप अपने परिवार की मदद भी ले सकते हैं..ऐसे में खाने के साथ बनाने का आनंद भी दुगना हो जाएगा।
Easy weekend meals

Weekend special recipes : शनिवार यानी वो दिन जब हफ्ते भर की भागदौड़ से छुट्टी मिलती है और लोग अपने परिवार या दोस्तों के साथ सुकून वाला समय बिताते है। यही वो समय होता है जब हम घड़ी की सुइयों की दौड़ से अलग हटकर कुछ खास करने की सोच सकते हैं। और जब बात खास करने की आती है, तो स्वादिष्ट भोजन का जिक्र न हो ऐसा हो ही नहीं सकता। वीकेंड पर अपने लिए और अपने परिवार के लिए कुछ खास बनाने और खाने का मजा ही अलग होता है।

पूरे हफ्ते ऑफिस, कामकाज, और जिम्मेदारियों की उलझनों में समय जैसे पंख लगाकर उड़ जाता है। जल्दी-जल्दी में बनी रोज़मर्रा की साधारण डिशेज़ पेट तो भरती हैं, लेकिन अक्सर मन को संतुष्टि नहीं दे पाती है। ऐसे में वीकेंड पर अपने किचन में थोड़ा ज्यादा वक्त बिताकर कुछ नया और खास बनाने का आनंद ही अलग होता है। और जब इन खास व्यंजनों को अपनों के साथ बैठकर खाया जाता है तो ये एक क्वालिटी टाइम होता है।

इस वीकेंड बनाइए ये स्वादिष्ट रेसिपी

वीकेंड पर अगर आपको कुछ खास खाने का मन है तो एक आसान रास्ता होता है ऑर्डर कर देना। लेकिन अगर थोड़ी सी मेहनत से आप उसे घर पर तैयार कर लें, तो उसका स्वाद और संतुष्टि ही कुछ और होती है। तो क्यों न इस बार आप भी अपनी रसोई में थोड़ा एक्सपेरिमेंट करें और ये हेल्दी टेस्टी रेसिपी बनाएं, जो हम आपके लिए लेकर आए हैं।

1. किनुआ और पनीर टिक्की

सामग्री:
1 कप किनुआ (उबला हुआ)
½ कप पनीर (मैश किया हुआ)
½ कप उबली हुई सब्ज़ियां (गाजर, शिमला मिर्च, बीन्स)
1 टेबलस्पून बेसन
½ टीस्पून चाट मसाला
½ टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1 टीस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट
2 टेबलस्पून हरा धनिया
नमक स्वादानुसार
थोड़ा सा तेल (शैलो फ्राइ के लिए)

विधि:
सारी सामग्री को मिलाकर टिक्की का मिश्रण तैयार करें।
छोटे-छोटे टिक्की बना लें और हल्के हाथ से तवे पर शैलो फ्राइ करें।
पुदीने की चटनी या ग्रीक योगर्ट डिप के साथ परोसें।

2. स्ट्रॉबेरी-चिया पुडिंग (नो-कुक हेल्दी डेजर्ट)

सामग्री:
½ कप चिया सीड्स
2 कप नारियल दूध या बादाम दूध
2 टेबलस्पून शहद या मेपल सिरप
1 टीस्पून वेनिला एसेंस
½ कप ताज़ी स्ट्रॉबेरी (कटी हुई)
1 टेबलस्पून कटे हुए बादाम-पिस्ता

विधि:
चिया सीड्स को नारियल दूध में मिलाएं। शहद और वेनिला एसेंस डालें।
इसे 4-5 घंटे या रातभर फ्रिज में सेट होने दें।
परोसने से पहले कटे हुए फल और ड्राई फ्रूट्स डालें।

3. बाजरे और स्प्राउट्स का उत्तपम

सामग्री:
1 कप बाजरे का आटा
½ कप मूंग या चने के अंकुरित दाने
½ कप दही
½ कप बारीक कटी सब्ज़ियाँ (प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च)
1 टीस्पून अदरक-हरी मिर्च पेस्ट
नमक स्वादानुसार
½ टीस्पून अजवायन
थोड़ा सा तेल (सेंकने के लिए)

विधि:
सभी सामग्री को मिलाकर गाढ़ा घोल बना लें।
नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर उत्तपम बनाएं।
नारियल या हरी चटनी के साथ परोसें।

4. मिक्स हर्ब्स और मूंग दाल पैनकेक

सामग्री:
1 कप मूंग दाल (4 घंटे भिगोकर पीसी हुई)
½ कप बारीक कटी पालक
½ टीस्पून काली मिर्च पाउडर
½ टीस्पून चाट मसाला
½ टीस्पून सूखी हर्ब्स (ऑरेगानो, थाइम, रोज़मेरी)
नमक स्वादानुसार
1 टीस्पून तिल
थोड़ा सा तेल (सेंकने के लिए)

विधि:
मूंग दाल के पेस्ट में सारी सामग्री डालें और मिक्स करें।
तवे पर पैनकेक फैलाकर सेंक लें।
टोमेटो-गार्लिक डिप के साथ इसे गरमागरम परोसें।

5. मशरूम और बाजरे का खिचड़ा

सामग्री:
½ कप बाजरा (रातभर भिगोया हुआ)
¼ कप मूंग दाल
½ कप साफ कटे हुए मशरूम
½ कप बारीक कटी हुई सब्ज़ियाँ (गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च)
1 टीस्पून घी
½ टीस्पून जीरा
½ टीस्पून हल्दी पाउडर
1 टीस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट
½ टीस्पून गरम मसाला
नमक स्वादानुसार

विधि:
बाजरा और मूंग दाल को कुकर में डालें और 3 कप पानी के साथ 3-4 सीटी लगाएं।
कड़ाही में घी गरम करें। इसमें जीरा, अदरक-लहसुन पेस्ट और कटे मशरूम डालकर भूनें।
बाकी सब्ज़ियां और मसाले डालें और 5 मिनट पकाएं।
उबला हुआ खिचड़ा इसमें डालें और अच्छे से मिक्स करें।
हरा धनिया डालकर गरमागरम परोसें।

6. बेबी कॉर्न और शिमला मिर्च का झटपट स्टर-फ्राई

सामग्री:
1 कप बेबी कॉर्न (पतले टुकड़ों में कटा हुआ)
½ कप शिमला मिर्च (पतले स्लाइस में)
1 टीस्पून जैतून का तेल
1 टीस्पून सोया सॉस
½ टीस्पून चिली फ्लेक्स
1 टीस्पून लहसुन (कटा हुआ)
1 टीस्पून तिल
नमक स्वादानुसार

विधि:
एक पैन में तेल गरम करें और लहसुन भूनें।
बेबी कॉर्न और शिमला मिर्च डालें और तेज़ आंच पर 4-5 मिनट भूनें।
सोया सॉस, चिली फ्लेक्स और तिल डालें और अच्छे से मिलाकर गर्म ही सर्व करें।

7. गुड़ और नारियल की दलिया खीर

सामग्री:
½ कप दलिया
2 कप दूध
¼ कप गुड़ (कद्दूकस किया हुआ)
2 टेबलस्पून नारियल (कद्दूकस किया हुआ)
1 टीस्पून इलायची पाउडर
1 टेबलस्पून बादाम-काजू कटे हुए

विधि:
दलिया को पहले सूखा भून लें।
दूध डालकर धीमी आंच पर अच्छे से पकाएं।
जब दलिया पक जाए तो इसमें गुड़ और नारियल डालें।
अब इसमें इलायची और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स डालकर गरमागरम परोसें।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews