एक गेंदे के फूल से उगाएं 10-15 नए पौधे, सिर्फ 2 मिनट में अपनाएं माली की आसान ट्रिक

सर्दियों में गेंदा सबसे ज्यादा खिलता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक सूखे गेंदे के फूल से 10–15 नए पौधे उगाए जा सकते हैं? माली की यह आसान ट्रिक अपनाकर बिना पैसे खर्च किए घर को फूलों से भर सकते हैं।
Marigold Plant Care

सर्दियों का मौसम आते ही घरों की बालकनी, छत और आंगन में गेंदे के पौधे खूब दिखाई देने लगते हैं। पीले और नारंगी रंग के ये फूल न सिर्फ देखने में सुंदर लगते हैं, बल्कि पूजा-पाठ और सजावट में भी खूब काम आते हैं। अक्सर लोग नर्सरी से गेंदा का पौधा खरीदते हैं और इसके लिए पैसे खर्च करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि घर में मौजूद सिर्फ एक सूखे गेंदे के फूल से 10 से 15 नए पौधे आसानी से उगाए जा सकते हैं।

 देसी और आसान ट्रिक

गेंदा उगाने के लिए बीज खरीदने की जरूरत नहीं होती। जब गेंदे का फूल पूरी तरह सूख जाता है, तो उसी में कई बीज छुपे होते हैं। अगर सही तरीके से इन बीजों को बोया जाए, तो कुछ ही दिनों में ये मजबूत और स्वस्थ पौधों में बदल जाते हैं। यह तरीका न सिर्फ पैसे बचाता है, बल्कि मनपसंद रंग और किस्म के गेंदा दोबारा उगाने की आज़ादी भी देता है।

सूखे गेंदे के फूल का सही चुनाव जरूरी

गेंदा उगाने की शुरुआत सही सूखे फूल से होती है। इसके लिए ध्यान रखें कि फूल पूरी तरह सूखा होना चाहिए। वह फूल पौधे पर ही सूखा हो या फिर तोड़कर छांव में सुखाया गया हो। फूल में जरा भी नमी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद फूल की पंखुड़ियों को धीरे-धीरे अलग करें। पंखुड़ियों के नीचे आपको काले और सफेद रंग की लंबी, सुई जैसी चीजें दिखाई देंगी। यही गेंदे के बीज होते हैं, जिनसे नए पौधे तैयार होते हैं।

गेंदे के बीज कैसे पहचानें

बहुत से लोग बीज पहचान नहीं पाते, इसलिए उन्हें अलग कर पाना मुश्किल लगता है। याद रखें कि गेंदे के बीज पतले और लंबे होते हैं। एक सिरा काला और दूसरा सफेद होता है। यही बीज मिट्टी में डालने पर पौधा बनाते हैं। एक सूखे फूल से आपको आसानी से 10 से 15 बीज मिल जाते हैं।

गेंदा लगाने के लिए मिट्टी कैसे तैयार करें

गेंदा का पौधा ज्यादा नखरे नहीं करता, लेकिन अच्छी मिट्टी मिलने पर यह ज्यादा फूल देता है। इसके लिए छोटे गमले में 50 प्रतिशत सामान्य बगीचे की मिट्टी और 50 प्रतिशत सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं। मिट्टी भुरभुरी होनी चाहिए, यानी हाथ में लेने पर ढेले न बनें। इस मिश्रण को गमले में भरकर हल्का सा दबा दें, ताकि बीज डालते समय मिट्टी बैठी रहे।

गेंदे के बीज बोने का आसान तरीका

अब सूखे फूल से निकाले गए बीजों को तैयार मिट्टी की ऊपरी सतह पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर फैलाएं। एक ही जगह बहुत सारे बीज न डालें, क्योंकि इससे पौधे घने हो जाएंगे और कमजोर रहेंगे। बीज डालने के बाद ऊपर से आधा इंच मिट्टी या कोकोपीट की हल्की परत बिछा दें। इसके बाद स्प्रे बोतल से हल्का पानी छिड़कें, ताकि मिट्टी नम हो जाए, लेकिन बीज अपनी जगह से हिलें नहीं।

पौधों की शुरुआती देखभाल कैसे करें

बीज बोने के बाद गमले को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप आती हो। सीधी और तेज धूप में रखने से बीज सूख सकते हैं। रोज थोड़ा-थोड़ा पानी दें और ध्यान रखें कि मिट्टी पूरी तरह सूखे नहीं। लगभग 5 से 7 दिनों में आपको मिट्टी से छोटे-छोटे हरे अंकुर निकलते दिखाई देने लगेंगे। यही आपके नए गेंदा पौधे हैं।

पौधों को अलग गमले में कब लगाएं

जब ये पौधे 3 से 4 इंच के हो जाएं और उनमें 4 से 5 पत्तियां आ जाएं, तब आप इन्हें सावधानी से निकालकर अलग-अलग गमलों में लगा सकते हैं। निकालते समय जड़ों को नुकसान न पहुंचे, इसका खास ध्यान रखें। अलग गमले में लगाने के बाद पौधे तेजी से बढ़ने लगते हैं।

गेंदा में ज्यादा फूल पाने के आसान उपाय

अगर आप चाहते हैं कि गेंदा के पौधे में भर-भरकर फूल आएं, तो समय-समय पर ऊपर की नई टहनी को हल्का सा तोड़ दें, इसे पिंचिंग कहते हैं। जब फूल सूखने लगें, तो उन्हें तुरंत हटा दें। हर 15 दिनों में थोड़ा गोबर की खाद डालें और पौधे को रोज 4 से 5 घंटे धूप जरूर दिलाएं। इन छोटे उपायों से पौधा ज्यादा स्वस्थ रहेगा और ज्यादा फूल देगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews