ईरान-इजराइल तनाव के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर खाड़ी देशों की 17 उड़ानें रद्द, 2500 यात्री फंसे, जानिए कब शुरू होगी बुकिंग

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का सीधा असर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर देखने को मिला है। रविवार को खाड़ी देशों की ओर जाने और वहां से आने वाली कुल 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे लगभग 2500 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है।
ईरान-इजराइल तनाव के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर खाड़ी देशों की 17 उड़ानें रद्द, 2500 यात्री फंसे, जानिए कब शुरू होगी बुकिंग

लखनऊ: मध्य पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण कई देशों द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने का व्यापक असर भारत में भी दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को अफरा-तफरी का माहौल रहा, जब खाड़ी देशों से जुड़ी 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अचानक रद्द कर दिया गया। इस फैसले से करीब 2500 यात्री सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।

एयरपोर्ट पर सामान्य दिनों में दिखने वाली चहल-पहल की जगह सन्नाटा पसरा रहा। विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बने नए टर्मिनल T3 पर यात्री परेशान नजर आए। एयरलाइंस के पूछताछ काउंटरों पर जानकारी के लिए लंबी कतारें लगी थीं, लेकिन एयरलाइंस कर्मचारियों के पास भी स्थिति सामान्य होने तक इंतजार करने के अलावा कोई ठोस जवाब नहीं था।

तनाव की आग, लखनऊ तक आंच

यह संकट अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद पैदा हुआ है। सुरक्षा कारणों से ईरान, दुबई (यूएई), इराक, कुवैत, बहरीन, कतर और जॉर्डन जैसे देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद कर दिया है। इसी वजह से लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाली एयरलाइनों ने अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं।

प्रभावित होने वालों में बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के बहराइच, गोंडा, सुल्तानपुर और बलरामपुर जैसे जिलों के उन लोगों की है, जो रोजगार के लिए खाड़ी देशों पर निर्भर हैं। कई लोग जो छोटी यात्रा या पर्यटन के लिए गए थे, वे भी वहां फंस गए हैं और उनके परिवार यहां चिंतित हैं।

कौन सी उड़ानें हुईं प्रभावित?

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ से मस्कट, दुबई, अबू धाबी, शारजाह, दम्माम और रियाद जाने वाली 9 उड़ानें रद्द की गईं। इसी तरह, इन शहरों से लखनऊ आने वाली 8 उड़ानें भी नहीं आ सकीं।

  • आने वाली रद्द उड़ानें: ओवी 705 (मस्कट), 6ई-1416 (अबू धाबी), 6ई-1424 (शारजाह), एक्सवाइ 333 (रियाद), आईएक्स 194 (दुबई), और 6ई-098 (दम्माम) प्रमुख हैं।
  • जाने वाली रद्द उड़ानें: आईएक्स 193 (दुबई), ओवी 706 (मस्कट), एक्सवाइ 334 (रियाद), 6ई-1415 (अबू धाबी), और 6ई-1423 (शारजाह) शामिल हैं।

इनमें इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, ओमान एयर और अन्य प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानें शामिल हैं।

टिकटों के लिए करना होगा लंबा इंतजार

एयरलाइंस ने यात्रियों को एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि स्थिति सामान्य होने तक उड़ानें निलंबित रहेंगी। जानकारी के अनुसार, एयरलाइंस द्वारा 8 मार्च के बाद ही नई टिकट जारी करने की कोई संभावना है, लेकिन यह भी मध्य पूर्व के हालात पर निर्भर करेगा। फिलहाल, यात्रियों को अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews