
MP Jabalpur News Today
जबलपुर। पाटन में स्थित मिस्पा मिशन स्कूल में जय श्रीराम करने पर स्कूल संचालक पर छात्र को पीटने का आरोप लगा है। शनिवार को हुए इस घटनाक्रम के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग पाटन थाने पहुंचे और स्कूल संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। रोज की तरह छात्र प्रबल सिंह आज सुबह स्कूल गया था, इसी दौरान उसने बाहर खड़े गार्ड से जय राम कहा और स्कूल के अंदर आकर संचालक राजेश खंडारे से गुड मॉर्निंग।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव
आरोप है कि इतना सुनते ही स्कूल संचालक ने छात्र के कान पकड़कर पिटाई कर दी। छात्र ने शिकायत अपने अभिभावकों से की। इस पूरे मामले की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ता को लगी तो उन्होंने पाटन थाने का घेराव कर दिया और दोषी पर कार्रवाई की मांग की। छात्र के पिता का कहना है कि केवल जय श्रीराम करने पर ही उनके बच्चे की पिटाई कर दी गई।
घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पाटन थाने में ज्ञापन सौंपा और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगातार हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में मिस्पा मिशन स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि पूरे मामले को जबरन तूल दिया जा रहा है। बच्चे को केवल समझाइश दी गई थी। शिकायत पर पाटन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
