लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव, मितेंद्र सिंह होंगे मप्र यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, ग्वालियर-चंबल को पहली बार मिला मौका

Mitendra Singh Gwalior

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी यूथ विंग यानि युवा कांग्रेस में बड़ा बदलाव किया है, पार्टी ने मध्य प्रदेश में यूथ कांग्रेस की कमान अब मितेंद्र सिंह को सौंपी है, मितेंद्र सिंह यानि मितेंद्र दर्शन सिंह को एमपी यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाये जाने के बाद ग्वालियर चंबल संभाग का वजन तो बढ़ा है लेकिन ये पहली बार है कि ग्वालियर-चंबल से यूथ कांग्रेस को प्रदेश अध्यक्ष मिला है, मितेंद्र का कहना है कि हम युवा शक्ति की पूरी ताकत झोंक देंगे और पार्टी को मध्य प्रदेश से बेहतर परिणाम देंगे।

विक्रांत भूरिया की जगह एमपी यूथ कांग्रेस की कमान मितेंद्र सिंह को 

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने आज मध्य प्रदेश की यूथ कांग्रेस में बड़ा फेरबदल करते हुए विक्रांत भूरिया की जगह मितेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है, मितेंद्र ग्वालियर के रहने वाले हैं, उनके पिता दर्शन सिंह ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं और प्रभावशाली नेता रहे हैं, मितेंद्र अपने पिता की लेगेसी को आगे बढ़ाते चल रहे हैं।

विक्रांत ने खुद पदमुक्त करने के लिए लिखा था पत्र, बता थी ये वजह  

आपको बता दें कि विक्रांत भूरिया ने कल  8 अप्रेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्र लिखकर निवेदन किया था कि चूँकि उनके पिता कांतिलाल भूरिया रतलाम सीट से पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी हैं इसलिए उनका अधिकतम समय पिता के प्रचार में बीतेगा तो इस दौरान वे संगठन की जिम्मेदारी को उतनी शिद्दत से नहीं निभा पाएंगे जितनी इस समय जरुरत है, इसलिए अन्य किसी योग्य युवा को ये जिम्मेदारी सौंप दी जाये। विक्रांत ने लिखा कि इस समय प्रत्येक सीट जीतना कांग्रेस के लिए जरूरी है क्योंकि हमें लोकतंत्र बचाना है, विक्रांत के इस पत्र की प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर चर्चा हो रही है और एक मिसाल के तौर पर इसे देखा जा रहा है।

ग्वालियर चंबल संभाग को पहली बार ये पद मिलने पर कार्यकर्ताओं में जोश 

उधर मितेंद्र दर्शन सिंह की नियुक्ति के बाद ग्वालियर-चंबल में उनके समर्थकों में बहुत उत्साह है, क्योंकि ये पहला मौका है जब ग्वालियर चंबल संभाग से किसी नेता को यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, मितेंद्र के खास लोगों में से एक और उनके पिता के साथ राजनीति में आने वाले कुलदीप कौरव ने कहा कि हम सब बहुत खुश हैं, कार्यकर्ताओं में जोश हैं।

मितेंद्र ने कहा कि यूथ कांग्रेस मप्र से बेहतर परिणाम देने में बड़ी भूमिका निभाएगी 

मितेंद्र ने एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ से बात करते हुए अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया है उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाते हैं, क्योंकि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि मप्र यूथ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता इस चुनाव में पूरी ताकत लगाएगा और पार्टी को मप्र से बेहतर परिणाम देने में बड़ी भूमिका निभाएगा।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews