Gwalior News: सरपंच की हत्या के बाद तनाव, गोलीबारी, कई घरों में लगाई आग, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

Gwalior News: सरपंच की हत्या के बाद तनाव, गोलीबारी, कई घरों में लगाई आग, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

Gwalior News : ग्वालियर में आज सुबह सरेराह एक सरपंच को गोली मार दिए जाने के बाद से शहर से लेकर सरपंच के गांव बनहेरी तक तनाव है, हत्या के बाद सरपंच के परिजन आक्रोशित हो गये, ग्वालियर पहुंचे परिजनों ने सरपंच के शव के साथ एसपी ऑफिस का घेराव किया तो वहीँ गांव में कड़ा रिएक्शन दिखाई दिए, सरपंच पक्ष के लोगों ने आरोपी पक्ष के लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी और उनके घरों, ट्रेक्टरों सहित, झोपड़ियों में आग लगा दी, हालात को देखते हुए स्थानीय आरोन थाने का स्टाफ सहम गया और जब ग्वालियर से फ़ोर्स पहुंचा तब पुलिस गांव में घुसी, घटना के रिएक्शन के बाद आरोपी पक्ष के लोग फरार हो गए, अब गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है, जिला पुलिस बल के साथ SAF की कंपनी भी बनहेरी में तैनात कर दी गई है।

वकील से मिलने जा रहे सरपंच की बदमाशों ने की हत्या 

बनहेरी के कांग्रेस समर्थित सरपंच विक्रम रावत की बाइक सवार बदमाशों ने उस समय हत्या कर दी जब वे अपने वकील प्रशांत शर्मा से मिलने उनके घर ग्वालियर में गांधी नगर पहुंचे थे, पीछा कर रहे बदमाशों के विक्रम द्वारा कार का गेट खोलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, गोलियों की आवाज से कॉलोनी में दहशत हो गई, पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और शव को पीएम के लिए भेज दिया ।

गुस्साए परिजनों ने शव के साथ किया एसपी ऑफिस का घेराव 

घटना के बाद सरपंच के परिजन बहुत गुस्से में थे, पीएम के बाद परिजन शव के साथ एम्बुलेंस को लेकर एसपी ऑफिस पहुँच गए और वहां चक्का जाम कर दिया, पुलिस अधिकारियों ने यहाँ समझाइश देकर शव को ले जाने का अनुरोध किया फिर परिजन शव लेकर रवाना हो गए , मृतक सरपंच की पत्नी ने गांव के लोगों पर और कुछ भाजपा नेताओं पर उनके पति की हत्या करवाने के आरोप लगाये।

गांव में फायरिंग, आरोपियों के घरों में लगाई आग  

इधर परिजन शव को साथ लेकर रवाना हुए तब तक बनहेरी में फायरिंग शुरू कर हो गई आरोप है कि सरपंच की हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों, झोपड़ियों, ट्रेक्टरों को आग के हवाले कर दिया, सूचना पर आरोन पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हालात और आक्रोश देखकर सहम गई, आरोन पुलिस ने कंट्रोल रूम से फ़ोर्स भेजने का अनुरोध किया।

बनहेरी गाँव पुलिस छावनी में तैनात , SAF की टुकड़ी भी मौजूद 

तनाव की सूचना मिलते ही एसपी राजेश सिंह चंदेल, दो एडिशनल एसपी, 6-7 सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और 200 से 250 पुलिस जवानों ने बनहेरी को पुलिस छावनी में बदल दिया, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए SAF की एक कंपनी को भी बुला लिया गया है और गांव में तैनात कर दिया गया है, उधर आरोपी पक्ष के लोग गांव से भाग गए हैं या कहीं छिप गए हैं। एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि सरपंच से जुड़े लोगों ने गुस्से में कुछ घरों में आग लगा दी थी जिसे बुझा दिया गया है , जो महिला बच्चे फंसे थे उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया, अभी स्थिति नियंत्रण में है।

[dgv_vimeo_video id=”872539805″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews