लूट के आरोपी बे-सुराग, व्यापारियों ने पुलिस को दिया 72 घंटों का अल्टीमेटम, बाजार बंद कराने की चेतावनी

Gwalior News

Gwalior News : ग्वालियर के सोना चांदी व्यापारियों के साथ पिछले दिनों हुई लूट की घटनाओं के विरोध में मप्र चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के नेतृत्व में व्यापारियों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है, आज चेंबर सभागार में चल रहे आंदोलन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई जिसमें पिछले दिनों पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की चर्चा की गई और मुरैना में ग्वालियर के व्यापारी के साथ हुई लूट के आरोपियों को अब तक नहीं पकड़े जाने पर नाराजगी जताई गई।

मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स के सम्भागर में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने मुरैना के व्यवसायी अतुल गुप्ता और मोहना व्यवसायी राकेश सोनी के साथ ही अन्य लूट के आरोपी के पकड़े जाने पर ख़ुशी जताई तथा मुरार के व्यवसायी राहुल गोयल के साथ हुई लूट की घटना के आरोपियों के नजदीक पुलिस के पहुंचने की सूचना पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी व्यापारियों की एकता का ही परिणाम है कि तेजी से पुलिस प्रशासन इस पर कार्य कर रहा है। व्यवसायियों ने कहा कि चूंकि राहुल गोयल के साथ लूट की घटना का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है इसलिए हमें पुलिस को अल्टीमेटम देकर आंदोलन की आगामी रणनीति बनानी चाहिए।

जब तक सौ प्रतिशत सफलता नहीं, आंदोलन नहीं रुकेगा  

समीक्षा बैठक में व्यवसायियों की सर्वसम्मति पर चेंबर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जब तक हमारे आंदोलन को शत-प्रतिशत सफलता नहीं मिलती है तब तक न आंदोलन को स्थगित किया जाएगा और न ही रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि हम पुलिस प्रशासन को राहुल गोयल के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हैं। यदि इस अवधि में लूट का खुलासा नहीं हुआ तो हम क्रमश: बाजार बंद कराएंगे।

पुलिस को दिया 72 घंटों का अल्टीमेटम, फिर बंद होंगे बाजार 

डॉ प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि 72 घंटे पूरे होने के बाद बाजार बंद कराने से पहले  21 फरवरी को पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन से मिलेंगे और बाजार बंद करने के निर्णय से अवगत कराएंगे। 23 फरवरी को बाजार बंद करने की रूपरेखा पर ‘चेम्बर भवन` में बैठक की जाएगी। 24 फरवरी को मुरार के बाजार बंद किए जाएंगे। 25 फरवरी को उपनगर ग्वालियर बंद किया जाएगा और 26 फरवरी को लश्‍कर बंद किया जाएगा। इसके बाद आवश्‍यकता पड़ी तो ग्वालियर बंद भी कराया जाएगा।

[dgv_vimeo_video id=”913979695″]

उन्होंने कहा कि हमारा यह आंदोलन हर उस व्यक्ति या फिर उस व्यवस्था के खिलाफ है जो व्यापारी को परेशान करते हैं। 72 घंटे की अवधि में भी आंदोलन जारी रहेगा, प्रतिदिन एक पत्र पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधयों को लिखा जाएगा, जिसकी जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम दी जाएगी। समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष डॉ राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल ने भी व्यापारियों से एकजुट रहकर आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews