जबलपुर-हैदराबाद फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्रियों को उतारा, जांच जारी

जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो (Indigo) फ्लाइट को नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में 69 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और उनका सामान विमान के अंदर ही रखा गया।
Indigo flight emergency landing

Indigo flight emergency landing: जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाले विमान को अचानक आपात लैंडिंग (Emergency landing) के लिए नागपुर एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान ने जबलपुर से उड़ान भरी थी लेकिन केवल सवा घंटे बाद ही नागपुर में लैंड करना पड़ा। इंडिगो एयरलाइन ने इस आपात लैंडिंग का कारण स्पष्ट नहीं किया है।

यह आशंका जताई जा रही है कि विमान की आपात लैंडिंग कुछ संदिग्ध सामान के कारण हुई है। रविवार सुबह 8:00 इंडिगो की फ्लाइट ने जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी, जिसमें करीबन 71 यात्री सवार थे। विमान को 9:40 बजे हैदराबाद में उतरना था लेकिन उसे 9:10 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।

अधिकारी जांच में जुटे

इसी के चलते जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर भी अधिकारी इस मामले की जांच के लिए पहुंच गए हैं। विमान की लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों का सामान और मोबाइल फोन फ्लाइट के अंदर ही रखा गया। इसके बाद यात्रियों को बाहर उतार दिया गया। अब अधिकारियों द्वारा विमान की पूरी जांच की जा रही है। नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की जांच चल रही है।

टॉयलेट में लिखा था ये मैसेज (Bomb Threat Message)

इंडिगो की मैनेजर हिना खान के मुताबिक विमान में 69 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान भरने के कुछ समय बाद क्रू मेंबर ज्योतिस्मिता सैकिया ने टॉयलेट में नीली स्याही से लिखा एक मैसेज देखा, इस मैसेज में लिखा था “विस्फोट @9:00 पूर्वाह्न”। सैकिया ने इस मैसेज को देखने के तुरंत बाद पायलट को इस बारे में जानकारी दी, पायलट ने नागपुर एरिया ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग के लिए डायवर्ट कर दिया गया।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews