Jabalpur News : ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली चायपत्ती बनाने वाले गिरफ्तार

Jabalpur News : ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली चायपत्ती बनाने वाले गिरफ्तार

जबलपुर, संदीप कुमार। पिछले कुछ दिनों में मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर (Jabalpur) नकली ब्रांडेड उत्पादकों का गढ़ बन गई है, इन दिनों जबलपुर में कभी नकली यूरिया-तो कभी नकली गद्दे तो कभी नकली शेम्पू और बीड़ी बन रही है, हालांकि देर सबेर पुलिस इस पर कार्रवाई करती है पर बड़ा सवाल यह कि आखिर कैसे इन्हें इतनी हिम्मत मिलती है कि ये पुलिस की नाक के नीचे नकली सामान बनाते हैं, आज भी एक कंपनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने नकली चायपत्ती (Tea Leaves) बनाने वाले को गिरफ्तार किया है।

बना रहा था ब्रुक बाॅण्ड रेड लेबल की चायपत्ती

जबलपुर (Jabalpur) में पिछले कुछ दिनों से रेड लेबल कंपनी की चायपत्ती कुछ कम दामों में बाजार में बिक रही थी जिसकी खबर जब कंपनी को लगी तो उन्होंने जाँच करवाई जिसमे पाया गया कि रेड लेबल कंपनी के नाम पर जबलपुर (Jabalpur) में ही चायपत्ती (Tea Leaves) बन रही है। ये चायपत्ती (Tea Leaves) डिजिटल मशीन से नई डेट डालकर बनाई जा रही है।  कंपनी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने नकली ब्रुक बाॅण्ड रेड लेबल चाय पत्ती के कारोबार में लिप्त आरोपी प्रकाश चांदवानी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उससे बडी मात्रा में नकली चायपत्ती बरामद की।

जब चायपत्ती कंपनी ने की शिकायत तब जागी पुलिस 

जबलपुर में लंबे अरसे से नकली चायपत्ती बनाने का काम चल रहा था, रेड लेबल कंपनी के अनिल मल्होत्रा ने नई दिल्ली से जबलपुर आकर पुलिस अधीक्षक जबलपुर सिद्धार्थ बहुगुणा अपनी शिकायत में कहा कि प्रकाश चांदवानी अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान शास्वत ट्रेडर्स गलगला मुकादमगंज एवं द्वारका नगर स्थित गोदाम तथा घर से हिन्दुस्तान यूनिलिवर लिमिटेड कंपनी की ब्रुक बाॅण्ड रेडलेबल चाय की हू-ब-हू नकल कर अनाधिकृत रूप से चाय के मार्का का उपयोग कर, शहर एवं परासिया छिंदवाड़ा में विक्रय कर लाभ रहा है, नकली चायपत्ती होने के कारण कंपनी की छवि को धूमिल हो रही है साथ ही शासन को भी राजस्व की हानि के अलावा उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हो रही है।

एसपी के निर्देश पर एक्शन में आई कोतवाली पुलिस

कंपनी की शिकायत पाते ही एसपी ने क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस को निर्देशित किया जिसके बाद पुलिस ने जब प्रकाश चांदवानी के गलगला स्थित शास्वत ट्रेडर्स पर दबिश दी तो वहाँ पर हू-ब-हू ब्रुक बाॅण्ड रेड लेबल चाय की चायपत्ती 500, 250 ग्राम पैकिंग वाली 30 पेटियां मिली, शिकायतकर्ता अनिल मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि रेडलेबल चाय की हू-ब-हू नकली चायपत्ती है, शास्वत ट्रेडर्स के संचालक प्रकाश चांदवानी में सघन पूछताछ पर नकली ब्रुक बाॅण्ड रेडलेबल चाय का व्यवसाय करना स्वीकार किया।

पुलिस को मौके से मिली भारी मात्रा में नकली चायपत्ती

प्रकाश चांदवानी के गोपाल होटल स्थित घर एवं घर के पास स्थित गोदाम में भी दबिश देते हुये तलाशी ली गयी जहाँ गोदाम में 19 पेटी नकली ब्रुक बाण्ड रेडलेबल चायपत्ती की रखी हुई मिली, कुल 39 पेटी जिसकी कीमत 3 लाख रुपए की नकली चायपत्ती जप्त की गई, आरोपी प्रकाश चांदवानी के खिलाफ धारा 420 भादवि एवं 51, 63,68 काॅपी राइट  एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू कर दी गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews