
Khandwa News : खंडवा जिले के गुड़ी रेंज के जंगल में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान 40 से अधिक बुलडोजरों की मदद से नाहरमाल वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया गया।
400 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण
अतिक्रमणकारियों ने लगभग 400 हेक्टेयर भूमि पर पेड़ काटकर खेती योग्य जमीन तैयार कर ली थी। इसके चलते पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा। इससे पहले, जब वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करने का प्रयास किया था, तो अतिक्रमणकारियों ने टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें पांच वनकर्मी घायल हो गए थे।
कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में कार्रवाई
खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, एसपी मनोज कुमार राय और डीएफओ राकेश डामोर मौके पर मौजूद रहे। जंगल में प्रवेश के बाद कलेक्टर ने डीएफओ को निर्देश दिए कि बुलडोजर लाकर पहले जंगल में खड़ी फसल को नष्ट किया जाए। इसके बाद, चने की फसल को हटाने की कार्रवाई की गई, जो सैकड़ों एकड़ में फैली हुई थी।
अतिक्रमणकारियों को नोटिस के बावजूद कब्जा जारी
वन विभाग ने पहले अतिक्रमणकारियों को 25 दिसंबर तक कब्जा हटाने का नोटिस दिया था। हालांकि, नोटिस के बावजूद किसी ने कब्जा नहीं छोड़ा। ऐसे में जिला प्रशासन ने पूरी योजना के साथ राजस्व, वन विभाग और पुलिस बल को तैनात कर कार्रवाई की।
[dgv_vimeo_video id=”1042280075″]
[dgv_vimeo_video id=”1042279912″]
पुनः वृक्षारोपण की योजना
अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर प्रशासन ने पुनः वृक्षारोपण की तैयारी की है। साथ ही, अन्य अतिक्रमित जमीन को भी जल्द से जल्द खाली कराने का अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जंगल की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी की जाएगी।
खंडवा से सुशील विधाणी की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”1042279608″]
[dgv_vimeo_video id=”1042279826″]
