सर्द हवाओं ने बढ़ाई मध्यप्रदेश में ठिठुरन, छाया घना कोहरा, कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा

सर्द हवाओं और कोहरे ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इसका असर ट्रेनों, सड़क यातायात और हवाई यात्रा पर भी देखने को मिल रहा है।
up weather

MP Weather Forecast : मध्य प्रदेश में सर्दी और घने कोहरे का सितम जारी है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से में कोहरे का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। रविवार को ग्वालियर-चंबल अंचल समेत प्रदेश के कई जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। शहडोल जिले का कल्याणपुर में तो शनिवार-रविवार की रात न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आज सोमवार सुबह भी कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। दतिया और रीवा में विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच गई ।मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश में ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है।

इन शहरों में छाया घना कोहरा

सोमवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और रीवा में घना कोहरा छाया रहा। भोपाल व इंदौर में मध्यम कोहरा देखने को मिला। रविवार को शहडोल एवं सिवनी जिले में शीतलहर और दतिया, ग्वालियर, खजुराहो, नरसिंहपुर, रीवा, सतना में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।रीवा, सतना, ग्वालियर, खजुराहो में अति घना कोहरा रहा।यहां विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रह गई।मौसम विभाग के मुताबिक, उज्जैन में 10.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 9.3 डिग्री सेल्सियस,जबलपुर 8.2 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सर्द हवाओं ने बढ़ाई प्रदेश में ठिठुरन

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवन प्रवाह के स्तरों में एक द्रोणिका (ट्रफ) के रूप में स्थित है, जिसकी धुरी माध्य समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी की ऊँचाई पर, लगभग देशांतर 62° पूर्व से अक्षांश 27° उत्तर के उत्तर में स्थित है।उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 120 नॉट्स की कोर हवाओं के साथ नॉर्थवेस्ट इंडिया में बनी हुई है।  प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और सर्द हवाओं का असर बना हुआ है जिसके चलते प्रदेश के अधिकतर शहरों में रात का तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। साथ ही घने कोहरा के चलते दिन रात में ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है।

यातायात प्रभावित

घने कोहरे के चलते प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली मालवा एक्सप्रेस, झेलम, शताब्दी, सचखंड और पंजाब मेल जैसी ट्रेनें भी लेट रही। हवाई सेवाओं पर भी कोहरे का असर दिखा। कई फ्लाइट्स देरी से भोपाल पहुंची ।

MP Weather Forecast

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews