एक बार फिर माड़ा पुलिस के जांबाज जवानों ने नदी में आई बाढ़ के बीच रेस्क्यू कर 4 बच्चों को बचाया

एक बार फिर माड़ा पुलिस के जांबाज जवानों ने नदी में आई बाढ़ के बीच रेस्क्यू कर 4 बच्चों को बचाया

सिंगरौली/राघवेन्द्र सिंह गहरवार।
सिंगरौली जिले में लगातार हो रही बारिश ने 6 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिससे क्या नदी क्या नाले सभी उफान पर है। इसी बीच माड़ा थाना अंतर्गत जरहा नदी में 4 बच्चे मछली पकडऩे गए हुए थे। तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और बाढ़ आ गई। जिससे बच्चे बाढ़ के बीच में नदी के एक टापू पर फंस गए। वहां मौजूद लोगों ने माड़ा थाना को सूचना दी। जिसके बाद माड़ा थाना प्रभारी डीएसपी चंद्रशेखर पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक राकेश कुमार राजपूत के साथ टीम गठित कर मौके पर पहुंच गए। यहां उन्होंने देखा कि चार बच्चे नदी के बीच में फंसे हुए है, जिसके बाद माड़ा पुलिस के जांबाज जवान रस्सी के जरिये रेस्क्यू कर बच्चों तक पहुंचे और एक – एक करके चारों बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए बच्चों में अशोक उम्र 10 वर्ष, इशू उम्र 7 वर्ष, प्रिंस उम्र 10 वर्ष, नवनीत उम्र 9 वर्ष हैं।

ऐसा पहली बार नही हुआ है, इससे पहले भी माड़ा पुलिस के जांबाज जवानों ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक माह पहले घर में लगी आग को बुझाने फायर ब्रिगेड के न आने पर अपनी जान हथेली पर लेकर खपड़ैल घर के छत पर चढक़र बाल्टी और डिब्बों के सहारे आग बुझाया था। जबकि लकड़ी और खपड़ैल घर होने से आग की लपटें पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। लेकिन माड़ा पुलिस के जवान हार नही माने और आग पर काबू पा लिया था। जिसमें उपनिरीक्षक राकेश कुमार राजपूत का बायां हाथ भी आग बुझाते समय जल गया था

उसी तरह आज भी माड़ा पुलिस के वीर जांबाज जवानों ने नदी में आई बाढ़ के बीच रेस्क्यू कर 4 बच्चों को बचाया है। आज भी जब आस पास के लोगों की हिम्मत नही पड़ रही थी, उस समय माड़ा पुलिस के वीर जवानों ने हार नही माना और 4 मासूमों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लाए। बच्चों के माता पिता सहित गांव के लोगों में खुशी की लहर थी। सभी ने माड़ा पुलिस के जांबाज जवानों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज माड़ा पुलिस के कारण हमारे घर के चिराग बुझने से बच गए। वही चारों बच्चें भी नदी से बाहर आने के बाद काफी खुश थे और पुलिस भी बच्चों को बचाकर काफी खुश नजर आई। वही रेस्क्यू कर बच्चों को बचाने में माड़ा पुलिस के जांबाज वीर जवान डीएसपी चंद्रशेखर पांडेय, उपनिरीक्षक राकेश कुमार राजपूत, प्रधान आरक्षक अरुण सिंह परिहार, आरक्षक राहुल सिंह व भरतलाल मीणा का अहम योगदान रहा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews