पन्ना टाइगर रिजर्व में शराब के नशे में फॉरेस्ट गार्ड का हंगामा, वायरल वीडियो के बाद विभाग ने किया सस्पेंड

पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में तैनात फॉरेस्ट गार्ड का कथित शराब के नशे में हंगामा और महिलाओं से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
पन्ना टाइगर रिजर्व में शराब के नशे में फारेस्ट गार्ड का हंगामा,

पन्ना टाइगर रिजर्व एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह वन्यजीव नहीं बल्कि वन विभाग का एक कर्मचारी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो में वह कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करते, लोगों से अभद्र व्यवहार करते और महिलाओं से बदसलूकी करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से अधिकारियों तक पहुंचा।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन स्थित मडियादो क्षेत्र की अमझिर बीट का है। यहां तैनात फॉरेस्ट गार्ड सूर्यकांत उईके का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

वायरल वीडियो में एक दृश्य में वह वर्दी पहनकर कथित रूप से नशे की हालत में हंगामा करते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में वह बिना वर्दी के सड़क से गुजर रही महिलाओं से कथित अभद्र व्यवहार करते नजर आते हैं। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग उन्हें समझाने की कोशिश करते भी दिखाई देते हैं।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित फॉरेस्ट गार्ड के खिलाफ पहले भी शिकायतें होती रही हैं। उनका आरोप है कि वह कथित रूप से शराब के नशे में लोगों से विवाद करते थे और कई बार राह चलते लोगों को भी परेशान करते थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बार उन्होंने कथित घटनाओं के वीडियो रिकॉर्ड किए और सोशल मीडिया पर साझा किए। इसके बाद मामला तेजी से अधिकारियों तक पहुंच गया।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी कर्मचारी से लोगों को सुरक्षा और सहयोग की उम्मीद होती है। ऐसे में यदि कोई कर्मचारी अनुचित व्यवहार करता है, तो लोगों का भरोसा प्रभावित होता है।

वायरल वीडियो के बाद वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद दमोह के डीएफओ ने पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी। प्राथमिक रिपोर्ट मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल प्रभाव से संबंधित फॉरेस्ट गार्ड को सस्पेंड कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि विभागीय नियमों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

बाइट/ ईश्वर जरांडे ( डीएफओ दमोह)

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews