राहुल और सोनिया गांधी देश की कमियां निकालकर चीन को दे रहे ताकत: राकेश सिंह

राहुल और सोनिया गांधी देश की कमियां निकालकर चीन को दे रहे ताकत: राकेश सिंह

जबलपुर/ संदीप कुमार। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बाद मध्यप्रदेश में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया है। राकेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी खुद से कुछ नहीं सोचते बल्कि उन्हें जब कोई बताता है कि उन्हें क्या करना चाहिए, तो वो अचानक से किसी भी मुद्दे पर एक्टिव हो जाते हैं। राकेश सिंह ने राहुल गांधी पर ये बयान, पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों और चीन के मुद्दे पर सरकार को घेरने की, कांग्रेस की तैयारियों पर दिया।

जबलपुर में पत्रकारों से मुखातिब हुए राकेश सिंह ने कहा कि चीन के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को घेरने की कांग्रेस की तैयारियां दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि ऐसा करके कांग्रेस विदेशी ताकतों को मजबूत कर रही है। राकेश सिंह ने कहा कि इस समय जब पूरा देश चीन के खिलाफ एकजुट है तो राहुल और सोनिया गांधी देश की कमियां निकालकर चीन को ताकत दे रहे हैं। राकेश सिंह ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी की यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में भारत से उसका वजूद ही खत्म हो जाएगा। इधर पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर कांग्रेस के विरोध पर राकेश सिंह ने कहा कि इस समय जब देश कोरोना, अर्थव्यवस्था और चीन की नापाक हरकत के संकटों से घिरा है तो सरकार को पैसों की जरुरत है, लेकिन कांग्रेस इस समय भी जनता का ध्यान बंटाने की कोशिश में लगी है, जिसमें वो कामयाब नहीं हो पाएगी। जबलपुर के सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह आज जबलपुर में भाजपा के संभागीय कार्यालय में, जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहीं होते तो आज देशवासियों को कश्मीर जाने के लिए भी पासपोर्ट की जरुरत पड़ती।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews