राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले अरुण यादव का बड़ा आरोप, भाजपा सरकार पर साधा निशाना, NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR को लेकर उठाए सवाल

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले अरुण यादव ने भाजपा सरकार पर NSUI कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और झूठे केस दर्ज कराने का आरोप लगाया।
Arun Yadav

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा इस कार्यक्रम को लेकर लगातार कांग्रेस पर हमला बोल रही है तो वहीं कांग्रेस के नेता भी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।

इस बीच, अब पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव का बयान सामने आया है। अरुण यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अरुण यादव सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर आरोप लगाया है कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से सरकार घबरा गई है। इसलिए इसी बौखलाहट में NSUI छात्र नेताओं को डराने-धमकाने के लिए प्रदेशभर में झूठे मामले दर्ज कराए जा रहे हैं।

NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR को लेकर अरुण यादव ने उठाए सवाल

अरुण यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा में कॉलेज की छात्र समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहीं NSUI जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी एवं उनके साथियों पर गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज कर दी गई हैं। वहीं नर्मदापुरम कॉलेज में राजनीतिक द्वेष के चलते घटना के दो सप्ताह बाद मनगढ़ंत कहानी गढ़कर NSUI प्रदेश सचिव आफरीद खान सहित अन्य साथियों पर भी झूठी FIR दर्ज करवाई गई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता और प्रशासन कान खोलकर सुन लें NSUI न डरेगी, न झुकेगी और न छात्रों की आवाज दबने देगी। छात्रों के हक की इस लड़ाई में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से छात्रों के साथ खड़ा है।

19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

गौरतलब है कि इंदौर में 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। राहुल गांधी छात्रों एवं युवओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी जोरशोर से तैयारियों में जुटी है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड जारी कर दिया गया है। कांग्रेस का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews