Street Dogs News: मेनका और वरुण के क्षेत्र में भेजे जाए आवारा कुत्ते, डाक्टर ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन को लिखा पत्र

street dog

Street Dogs News: आवारा कुत्तों से परेशान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर सर्वेश जैन ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन को पत्र लिखा है। आवारा कुत्तों को पकड़ने में सरकारी सिस्टम की विफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने सागर जिले के सभी आवारा कुत्तों को सुल्तानपुर और पीलीभीत भेजे जाने का निवेदन किया है।
letter

उल्लेखनीय है कि यह दोनों संसदीय क्षेत्र पशु कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली बीजेपी सांसद मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी के हैं।

रियायती दर पर उपलब्ध कराएं ट्रक

अपने तीखे व्यंग्यों से समाज की विसंगतियों को समय-समय पर उजागर करते रहने वाले सागर मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर सर्वेश जैन ने इस बार आवारा कुत्तों को लेकर मुहिम छेड़ी है। उन्होंने इंदौर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीएल मुकाती को एक पत्र लिखा है और उनसे निवेदन किया है कि वह सागर के आवारा कुत्तों को पीलीभीत और सुल्तानपुर ट्रांसपोर्ट करने के लिए रियायती दर पर ट्रक उपलब्ध करायें ताकि इस समस्या से निजात पाई जा सके

अफ़सर मंत्रियों को फर्क नहीं

डॉक्टर सर्वेश जैन ने पत्र में लिखा है कि समस्या इस कदर हो चुकी है कि रोजाना कुत्तों के काटने के कई प्रकरण सामने आते हैं और दो बच्चों को तो कुत्तों ने काट काट कर अधमरा कर दिया था। उन्होने लिखा है कि सरकारी अफसर या मंत्रियों को फर्क नहीं पड़ता क्योंकि उनके बंगले पर एक गार्ड बैठा रहता है और जब नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या के बारे में कहा जाता है तो वे संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अहिंसा वादी बातें करने लगते हैं। ऐसे में इन कुत्तों को पीलीभीत और सुल्तानपुर भेजा जाना उचित होगा।

उल्लेखनीय है कि पीलीभीत और सुल्तानपुर बीजेपी सांसद मेनका गांधी और वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र है और मेनका गांधी पशु कल्याण के क्षेत्र में कार्य करने के लिए देश भर में जाना माना नाम है। पूरे प्रदेश या देश के अंदर जब भी पशुओं के प्रति कोई आंदोलन होता है तो मेनका गांधी और उनकी NGO पशुओं के पक्ष में दृढ़ता से सामने खड़ी दिखाई देती हैं।

अब ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन इस पत्र को लेकर क्या जवाब देती है यह तो देखने वाली बात है लेकिन प्रोफेसर डॉक्टर सर्वेश जैन के इस पत्र ने आवारा कुत्तों को लेकर सागर समेत पूरे प्रदेश और देश की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews