तोमर ने कहा था चऊआ सिंधिया ने बताया योद्धा, बोले – ‘इन्हीं के बलिदान से सरकार बनी’

ज्योतिरादित्य सिंधिया

मुरैना, संजय दीक्षित। मुरैना जिले के जिन चार नेताओं को कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाषण देते समय चऊआ के नाम से संबोधित किया था केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें पार्टी का योद्धा बताया है और कहा है कि उन्हीं के बलिदान से वर्तमान सरकार बनी है। नगरीय निकाय चुनावों में प्रचार करने आए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लगभग सप्ताह भर पहले सार्वजनिक मंच से पार्टी के नेताओं के नाम लेते हुए कहा था कि इन सब नेताओं ने पार्टी की हमेशा लाज रखी है और अब तो पार्टी में चऊआ भी शामिल हो गया है। पार्टी का जीतना तय है।

Must Read : पेंशनरों को CM ने दी बड़ी राहत, 110 करोड़ मंजूर, ग्रेच्युटी-बकाया का होगा भुगतान, जल्द खाते में आएगी राशि

दरअसल तोमर का इशारा सिंधिया समर्थक एन्दल सिंह कंसाना,गिर्राज दंडोतिया, कमलेश और रघुराज कंसाना की ओर था। लेकिन सिंधिया समर्थकों ने तोमर के द्वारा चऊआ शब्द को व्यंग के रूप में लिया क्योंकि ग्वालियर चंबल संभाग में चऊआ का अर्थ गुलाम माना जाता है। अब शुक्रवार को नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान मुरैना में सिंधिया ने इन चारो को पार्टी का योद्धा बताया और कहा कि इन चारों योद्धाओं ने अपना बलिदान देकर इस सरकार को बनाया है।

सिंधिया ने कहा कि इन चारों योद्धाओं को मैं सलाम करता हूं जिन्होंने अपना बलिदान देकर प्रदेश में एक लोकान्मुखी और विकासमुखी सरकार बनाने में योगदान दिया है। सिंधिया ने कहा कि जब पीडी मिश्रा ने ललकारा था तो राजमाता सिंधिया ने उनकी सरकार गिरा दी थी और जब देश और प्रदेश में एक विश्वासघात जनता के साथ हो रहा था तो यही काम ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सिंधिया ने तोमर के द्वारा कहे गए चऊआ शब्द को गंभीरता के साथ लेते हुए अपने समर्थकों की अहमियत बता दी है और साफ तौर पर यह स्पष्ट भी कर दिया है कि आज अगर बीजेपी की सरकार चल रही है तो सिंधिया और उनके समर्थकों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है और इसे कोई भी नेता हल्के में ना लें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews