
दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई हिस्सों में हाल ही में बम धमकी के मामले सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में सोमवार (15 सितंबर) को नासिक के इंदिरा नगर स्थित कैंब्रिज स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली. स्कूल प्रशासन को एक मेल भेजा गया, जिसमें लिखा था कि स्कूल के बाथरूम में बम रखा गया है. जैसे ही यह जानकारी प्रशासन को मिली, तुरंत छात्रों को कक्षाओं से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और अभिभावकों को फोन करके बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा गया. अचानक आई इस घटना से अभिभावकों में दहशत फैल गई.
धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस को सूचना मिलते ही इंदिरा नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची. साथ ही बम निरोधक दस्ता भी तुरंत तैनात किया गया. पुलिस और बॉम्ब स्क्वॉड ने पूरे स्कूल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन जांच के बाद यह साफ हो गया कि मेल में दी गई धमकी सिर्फ अफवाह थी. इसके बावजूद पुलिस ने एहतियात के तौर पर परिसर को घेराबंदी में लेकर छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की.
कैंब्रिज स्कूल को मिली बम धमकी
स्कूल के उप प्राचार्य विजय रहाणे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी थी. करीब डेढ़ घंटे तक तनाव और अफरातफरी का माहौल रहा. जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बाद ही सभी ने राहत की सांस ली. इंदिरा नगर पुलिस के इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्कूल पूरी तरह सुरक्षित है और डरने की कोई जरूरत नहीं है.
पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि धमकी भरे मेल के पीछे किसका हाथ है. क्या यह किसी शरारती तत्व की करतूत थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है? इन सभी सवालों के जवाब खोजने के लिए साइबर पुलिस को जांच सौंपी गई है. फिलहाल, स्कूल में पढ़ाई जारी है और आगे किसी भी तरह का धमकी भरा मेल अब तक नहीं आया है.
गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले ही बॉम्बे हाई कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. उस समय अदालत परिसर में जज, वकील, स्टाफ और आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना पड़ा था. जांच में वह मेल भी फर्जी साबित हुआ था. लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है और साइबर पुलिस अब इन मामलों की गहन जांच में जुटी है.
