पीएम मोदी का मुंबई दौरा, 30 सितंबर को करेंगे अंडरग्राउंड मेट्रो के दूसरे फेज का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को मुंबई दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वे शहरवासियों को एक बड़ी सौगात देंगे। पीएम मोदी वर्ली से कफ परेड तक बनने वाली अंडरग्राउंड मेट्रो के दूसरे फेज का उद्घाटन करेंगे।
PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को मुंबई दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वे शहरवासियों को एक बड़ी सौगात देंगे। पीएम मोदी वर्ली से कफ परेड तक बनने वाली अंडरग्राउंड मेट्रो के दूसरे फेज का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक इस मेट्रो प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 33.5 किलोमीटर है और इसमें 27 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें से 26 पूरी तरह अंडरग्राउंड होंगे। पहला फेज पहले ही सिप्ज एमआईडीसी से आचार्य अत्रे मेट्रो स्टेशन तक शुरू किया जा चुका है। अब प्रधानमंत्री दूसरे फेज की शुरुआत करेंगे।

जानकारी के अनुसार, आरे से वर्ली तक का 22.5 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है। वहीं वर्ली से कफ परेड तक के 11 किलोमीटर लंबे हिस्से को अब आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ मुंबई की यातायात समस्या में कमी आएगी बल्कि शहर के दक्षिण और उत्तर हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी भी मिलेगी।

पीएम मोदी का मुंबई दौरा

अंडरग्राउंड मेट्रो के इस फेज के शुरू होने के बाद कोलाबा से आरे कॉलोनी तक का सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा हो जाएगा। सड़क से यह दूरी तय करने में अभी 2 से 3 घंटे लगते हैं। मेट्रो की सुविधा मिलने से लोगों का कीमती समय बचेगा और उन्हें आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। यह मेट्रो न केवल यात्रा को तेज बनाएगी बल्कि प्रदूषण कम करने और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटाने में भी मददगार साबित होगी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर कहा कि यह एशिया की सबसे बड़ी मेट्रो परियोजना है और इसके जरिए मुंबई के लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिलेगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कई सालों तक बीडीडी चॉल का विकास नहीं हो सका, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे संभव कर दिखाया। उन्होंने बताया कि पुनर्विकास योजनाओं के तहत मराठी नागरिकों को बड़े और आधुनिक घर मिले हैं। फडणवीस ने कहा कि मुंबई में गिरगांव समेत कई इलाकों में पुनर्वास भवन तैयार किए गए और 1600 से ज्यादा परियोजनाएं स्व-पुनर्विकास में लाई गईं।

फडणवीस ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 10 सालों में मुंबई स्टार्टअप की राजधानी के रूप में उभरी है। उन्होंने दावा किया कि भारत में आने वाली सबसे बड़ी क्रांति डेटा सेंटर सेक्टर में होगी और इसमें 60 फीसदी क्षमता महाराष्ट्र ने पहले ही विकसित कर ली है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह अगली तकनीकी क्रांति भी महाराष्ट्र के नाम होगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews