
Child assaulted in Madrasa in Ratlam : रतलाम के एक मदरसे में बच्चे से मारपीट का मामला सामने आया है। मदरसे के मौलाना का कहना है कि हाफ़िज़ कुछ समय पहले ही मदरसे में पढ़ाने के लिए आए थे और उन्हें पहले ही बता दिया गया। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है और इसके बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है।
घटना रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरया खेड़ी की है। यहां के दारुल उलूम गोसिया मदरसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो से पता चल रहा है कि मदरसे में पढ़ने वाले एक बच्चे के साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। जानकारी के मुताबिक बच्चे का शरीर पूरी तरह से चोटों के निशान से भरा पड़ा है। इस घटना के बाद बच्चे के परिजन मदरसे में पढ़ाने वाले शिक्षकों और मौलवी पर आक्रोश प्रकट कर रहे हैं।
यह वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है। पीड़ित बच्चा मंदसौर का रहने वाला है और उसके परिजन उसी रात को उसे वापिस ले गए। फिलहाल परिजनों के द्वारा किसी भी प्रकार की शिकायत पुलिस को नहीं की गई है लेकिन पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद मामले को संज्ञान में लिया है। वहीं मदरसे के मौलाना हाफिज मोहम्मद रफीक ने बताया कि जिस शिक्षक को हमने पढ़ाने के लिए रखा था वह 20 दिन पहले ही आया था और उसे सख्त हिदायत दी गई थी कि वह यहां पर बच्चों को पढ़ाने के दौरान किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं करेंगे। अब मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद उस व्यक्ति को मदरसे से निकाल दिया गया है। वहीं सूत्रों के मुताबिक ये मदरसा बिना अनुमति के संचालित हो रहा है और जिस जमीन पर बना हुआ है वह भी अतिक्रमण वाली बताई जा रही है। ये भी जानकारी मिली है कि मदरसा बोर्ड में भी इसका पंजीयन नहीं है। हालांकि अभी इन बातों की पुष्टि नहीं हुई है और ये जांच का विषय है।
[dgv_vimeo_video id=”843830280″]
[dgv_vimeo_video id=”843830653″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

