चोर के कंधे पर पुलिस: जन्मदिन का जश्न मनाने वाला थाना प्रभारी निलंबित, वायरल वीडियो के बाद एसपी का एक्शन

थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने अपनी सफाई में कहा कि भीड़ में कौन कब आ गया, उन्हें जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, कंधे पर उठाने वाला व्यक्ति उनका मुखबिर है और उसने कुछ मामलों में सूचना देकर मदद भी की है।
Jaura police station in-charge suspend

Jaura police station in-charge suspend

मुरैना जिले के जौरा थाना परिसर में थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन मनाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में थाना प्रभारी को मालाएं पहनाई जा रही हैं, केक काटा जा रहा है और नाच-गाना चल रहा है। खास बात ये है कि थाना प्रभारी जिस व्यक्ति के कंधे पर बैठे हैं वो शातिर वाहन चोर है, वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है और लाइन अटैच कर दिया है।

बताया गया कि रात करीब 9 बजे थाना परिसर में ही बर्थडे सेलिब्रेशन शुरू हुआ। बधाई देने वालों की लाइन लगी रही और पूरे कार्यक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ। सेलिब्रेशन के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र का शातिर बाइक चोरी का आरोपी लवकुश शर्मा भी मौजूद था। वीडियो में वह थाना प्रभारी को अपने कंधों पर उठाकर थाना परिसर में नाचते हुए घुमाता दिखाई दे रहा है। पीछे-पीछे पुलिस स्टाफ और अन्य लोग चलते नजर आ रहे हैं।

बाइक चोर गिरोह का सरगना 

मामला सामने आने के बाद एसपी समीर सौरभ ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 12 जून 2025 को सिटी कोतवाली पुलिस ने लवकुश शर्मा को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। उस पर करीब 13 लाख रुपए कीमत की 18 बाइकें चोरी करने का आरोप है । पुलिस ने उसे गिरोह का सक्रिय सदस्य और सरगना बताया था।

इन मामलों में भी है आरोपी 

जमानत पर रिहा होने के बाद 12 जनवरी 2026 को लवकुश और उसके साथियों पर गांव में अवैध विद्युत पंप कनेक्शन काटने पहुंचे एई पुष्पेंद्र यादव और बिजलीकर्मियों से मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ था। यह कार्रवाई भी टीआई शुक्ला के निर्देशन में हुई थी।

थाना प्रभारी ने दी ये सफाई 

वीडियो सामने आने पर थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने कहा कि भीड़ में कौन कब आ गया, उन्हें जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, कंधे पर उठाने वाला व्यक्ति उनका मुखबिर है और उसने कुछ मामलों में सूचना देकर मदद भी की है। उनका का दावा है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वह बाइक चोरी के मामलों में आरोपी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews