Morena News : राहुल सिकरवार हत्याकांड में पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार, दो फरार

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शशि कुमार, झुंडपुरा चौकी प्रभारी पवन भदौरिया ने मुखबिर की सूचना व साइबर सैल के इनपुट के आधार पर अलग-अलग लोकेशन पर जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
morena news

Morena News : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की चिन्नौनी थाना पुलिस ने तिदोखर गांव में हुए हत्याकांड में शामिल 9 आरोपियों में से सात आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि इन सातों आरोपियों पर मुरैना पुलिस ने तीन-तीन हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया था। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से दो बंदूके और तीन कट्टे बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि चिन्नौनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तिदोखर में नौ लोगों ने मिलकर राहुल सिकरवार नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं उसके परिवार के तीन अन्य साथियों को लाठी डंडों से पीट कर बेरहमी से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद 9 लोग मौके से फरार हो गए थे। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संबंधित चिन्नौनी थाना पुलिस लगातार प्रयास में थी। अंतत पुलिस को सफलता हाथ लग गई है। पुलिस ने फरार नौ आरोपियों में से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जो आरोपी पकड़े गए हैं उनके नाम गंगा सिंह परमार, भोला परमार, अनिल परमार, छोटू परमार, रवि परमार, छोटू सिकरवार तथा दिनेश परमार है। इनके दो अन्य साथी पवन सिकरवार तथा कल्याण सिंह अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वह आरोपी भी जल्द ही पकड़े जाएंगे।

illegal weapons

आरोपियों ने जिन हथियारों से फरियादी पक्ष के लोगों पर फायरिंग की थी, पुलिस ने अवैध हथियारों को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शशि कुमार, झुंडपुरा चौकी प्रभारी पवन भदौरिया ने मुखबिर की सूचना व साइबर सैल के इनपुट के आधार पर अलग-अलग लोकेशन पर जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुरैना से नितेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews