
MP Election 2023: सपा प्रमुख अखिलेश यादव सोमवार को कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के पटना मढ़िया गांव में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने जिले में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ से अपनी नाराजगी को और आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कहा कि वह बुजुर्ग हैं और ठीक से हमारा नाम भी नहीं ले पाते हैं। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए के बिना गठबंधन पूरा नहीं हो सकता है और कांग्रेस ने छोटे दलों को साथ लेकर चलने का मौका खो दिया है।
कांग्रेस ने हमें बहुत घुमाया है- अखिलेश यादव
जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने बिना कांग्रेस का नाम लिए यहां तक कह दिया कि हमारे समर्थन के बिना वह (कांग्रेस) मध्य प्रदेश में सरकार बना नहीं सकती और इस बार उसने साथ चुनाव न लड़कर यह मौका खो दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमें भी बहुत घुमाया है। इस बार हम प्रदेश में पहले से ज्यादा सीट लेकर आएंगे और अब वह हमारे चक्कर काटेंगे।
पीडिए की ताकत बीजेपी को दिल्ली से हटाने में करेगी काम
जनसभा के बाद पत्रकारों ने जब अखिलेश यादव से पूछा कि क्या आईएनडीआईए गठबंधन खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर आपने सपा के सिद्धांत को जाना होगा तो हमने पहले ही कह दिया था कि गठबंधन की ताकत पीडीए बनेगा और पीडीए ही है जो इंडिया या किसी भी गठबंधन को ताकत देगा। मुझे उम्मीद है कि धीरे-धीरे देश में जो माहौल बन रहा है, वह पीडीए के पक्ष में है। पीडीए की ताकत बीजेपी को दिल्ली से हटाने में काम करेगी। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक (पीडीए) ही इस देश को बीजेपी से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो जातिगत जनगणना कराएगा, पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देगा, हम उसके साथ जा सकते हैं।
[dgv_vimeo_video id=”881761400″]
[dgv_vimeo_video id=”881765191″]
कटनी से अभिषेक दूबे की रिपोर्ट
