
भारत में आधार कार्ड (Aadhar Card) एक दस्तावेज नहीं बल्कि लोगों की पहचान बन गया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के अंतर्गत आधार कार्ड बनाया जाता है। वहीं समय पर आधार अपडेट भी करा सकते हैं। UIDAI आधार कार्ड के नियमों में बदलाव करता रहता है। एक बार फिर UIDAI 1 नवंबर 2025 से आधार कार्ड से जुड़ी कई नियमों में बदलाव करने जा रहा है।
आधार कार्ड के लिए आपकी कुछ ही जानकारी ली जाती थी जैसे मोबाइल नंबर, स्थायी पता, जन्म प्रमाण पत्र आदि। अब UIDAI के नए नियमों के तहत नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी आप ऑनलाइन अपडेट कर पाएंगे। पहले ये सुविधा सिर्फ केंद्रों पर मिलती थी, लेकिन अब सरकारी दस्तावेजों जैसे पैन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड से ऑटो वेरिफिकेशन होगा। इससे अपडेट की प्रक्रिया और भी तेज, आसान और सुरक्षित हो जाएगी। चलिए जानते हैं कि आधार कार्ड में कौन से नियमों में बदलाव होना है।
आधार-पैन का लिंक होना आवश्यक (Aadhaar-PAN Link)
UIDAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि 31 दिसंबर 2025 तक सभी पैन धारकों को अपने पैन को आधार से लिंक करना होगा। अगर आपने ऐसा नहीं किया, तो 1 जनवरी 2026 से आपका पैन कार्ड निष्क्रिय हो जाएगा। नए पैन आवेदनों के लिए भी आधार वेरिफिकेशन जरूरी होगा। इसके बाद ही आप अपना पैन नंबर सभी जगहों पर इस्तेमाल कर सकेंगे।
आधार अपडेट की नई फीस (Aadhar Update Fees)
अब आधार कार्ड अपडेट के लिए अलग-अलग शुल्क देना होगा। अगर आप आधार कार्ड में नाम, पता या मोबाइल नंबर अपडेट करवाते हैं तो 75 रुपये लगेंगे। फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो अपडेट के लिए 125 रुपये, बच्चों (5 से 7 साल और 15 से 17 साल) के लिए बायोमेट्रिक अपडेट करना फ्री, ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट – 14 जून 2026 तक मुफ्त, इसके बाद 75 रुपये और आधार प्रिंट निकालने की फीस 40 रुपये, घर पर नामांकन सेवा – पहले व्यक्ति के लिए 700 रुपये, उसी पते पर हर अतिरिक्त व्यक्ति के लिए 350 रुपये देने होंगे।
अब जल्द होगी KYC
पहले आधार कार्ड की केवाईसी प्रक्रिया में काफी परेशानी होती थी लेकिन अब ये भी सरल हो गई है। अब बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए KYC प्रक्रिया और सरल हो गई है। इसमें आधार OTP, वीडियो KYC या आमने-सामने सत्यापन का विकल्प दिया गया है, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और तेज हो गई है।
ऑनलाइन ही अपडेट होगा आधार (Online Aadhar Update)
पहले आधार कार्ड में अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्र के चक्कर काटने पड़ते थे। इतना ही नहीं लंबी लंबी लाइनों में लगकर लोग परेशान हो जाते थे। वहीं अब 1 नवंबर से यह पूरा प्रोसेस ऑनलाइन किया जा सकेगा। UIDAI ने नया सिस्टम तैयार किया है, जिसमें आपकी दी गई जानकारी अपने आप सरकारी डाटाबेस से वेरिफाई हो जाएगी, जैसे PAN कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड के जरिए। इससे आधार अपडेट की प्रक्रिया और भी सुरक्षित और तेज बन जाएगी।
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
