अहमदाबाद विमान हादसा, सरकार का बड़ा फैसला, बोइंग 787 सीरीज के विमानों की गहराई से जांच होगी, तीन महीने की टाइम लाइन तय

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "अपनी जान गंवाने वाले लोगों की तकलीफ को देखना बहुत ही दुखद है, उन्होंने कहा हमने एयर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह यात्रियों के परिवारों को हर तरह से सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाए।
air india

अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया भीषण विमान हादसे के बाद भारत सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने शनिवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने तय किया है कि भारतीय विमानन बेड़े में शामिल बोइंग ड्रीमलाइनर 787 सीरीज के सभी विमानों की विस्तृत जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हमने हादसे की जाँच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की है इसके लिए तीन महीने की समय सीमा तय की गई है।

12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से 242 यात्रियों को लेकर उड़ा एयर इंडिया का विमान कुछ समय बाद ही आग के गोले में बदल गया, इतना ही नहीं ये विमान जिस मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिल्डिंग पर गिरा उसकी कैंटीन में स्टूडेंट लंच कर रहे थे, अचानक धमाके और धुएं ने सैकड़ों जिंदगियां निगल ली और सब तरफ सिर्फ धूल आग और धुँआ ही दिखाई दे रहा था, विमान का ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद आज नागर विमानन मंत्रालय ने प्रेस कांफ्रेंस कर घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने आज शनिवार को मीडिया से बात की उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है जिसमें समिति के अध्यक्ष के रूप में गृह सचिव, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव, गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव, राज्य आपदा प्रतिक्रिया प्राधिकरण गुजरात के प्रतिनिधि, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त, भारतीय वायु सेना से महानिदेशक निरीक्षण और सुरक्षा, महानिदेशक बीसीएएस, महानिदेशक डीजीसीए, आईबी से विशेष निदेशक और फोरेंसिक विज्ञान सेवा निदेशालय से निदेशक शामिल हैं।

हादसे की जाँच करने वाली कमेटी को तीन महीने का समय 

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, “उच्च स्तरीय समिति में अलग अलग पृष्ठभूमियों के लोग शामिल हैं, ये सभी अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ है उम्मीद है ये समिति इस घटना की गहराई से जांच करेगी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने इस समिति को जांच के लिए तीन महीने की समय-सीमा तय की है। मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि हादसे की जांच पूरी होने तक सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा- जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, जो भी जरूरी कदम सामने आएंगे, हम उन्हें बिना किसी हिचक के लागू करेंगे ताकि विमानन सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए।

बोइंग 787 सीरीज के विमानों की जाँच के आदेश 

नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि हमारे देश में विमानन क्षेत्र में सुरक्षा के बहुत सख्त मानक हैं, इस घटना के बाद हमें लगा कि बोइंग 787 सीरीज में विस्तृत निगरानी करने की जरूरत है। डीजीसीए ने भी 787 विमानों की विस्तृत निगरानी करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि आज हमारे भारतीय विमान बेड़े में 34 विमान हैं। 8 का निरीक्षण पहले ही हो चुका है शेष बचे सभी विमानों की गहराई के साथ शीघ्र जांच की जाएगी।

एयर इंडिया को दिए ये निर्देश 

मंत्री ने बताया कि एअर इंडिया को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे मृतकों के परिवारों की हर तरह से मदद करें।  डीएनए जांच के जरिये शवों की पहचान की जा रही है जिससे उन्हें सही परिवारों को सौंपा जा सकें। उन्होंने कहा, ‘यह बेहद दर्दनाक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी मदद के लिए एयर इंडिया को पूरी प्रक्रिया में साथ देने को कहा गया है। गुजरात सरकार भी इसमें पूरा सहयोग कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews