Hindi News

असम CM हिमंता बिस्वा सरमा के AI वीडियो पर कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए की गिरफ्तारी की मांग

Written by:Banshika Sharma
Published:
असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से जुड़े एक AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने BJP के एक्स हैंडल से कथित तौर पर पोस्ट किए गए इस वीडियो को सांप्रदायिक बताते हुए दिसपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मुख्यमंत्री की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
असम CM हिमंता बिस्वा सरमा के AI वीडियो पर कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए की गिरफ्तारी की मांग

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जेनरेटेड वीडियो को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) ने मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को दिसपुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि यह वीडियो सांप्रदायिक नफरत फैलाने के इरादे से बनाया और प्रसारित किया गया था।

यह पूरा विवाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के असम प्रदेश के आधिकारिक X हैंडल से 7 फरवरी 2026 को पोस्ट किए गए एक वीडियो से शुरू हुआ। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया था।

क्या था विवादित AI वीडियो में?

कांग्रेस द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, इस AI-जेनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर बंदूक ताने हुए दिखाया गया था। APCC ने इसे बेहद भड़काऊ और स्पष्ट रूप से सांप्रदायिक प्रकृति का बताया है।

कांग्रेस विधायकों दिगांता बर्मन और शिबामणि बोरा द्वारा हस्ताक्षरित इस शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वीडियो के साथ आपत्तिजनक कैप्शन का इस्तेमाल किया गया था। शिकायत में दावा किया गया कि कैप्शन में ‘विदेशी मुक्त असम, कोई दया नहीं’, ‘तुम पाकिस्तान क्या नहीं चले गए?’ और ‘बांग्लादेशियों के लिए कोई माफी नहीं’ जैसी टिप्पणियां शामिल थीं। कांग्रेस का कहना है कि इन टिप्पणियों का उद्देश्य सीधे तौर पर राज्य के अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाना और उन्हें अपमानित करना था।

‘सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश’

शिकायत में जोर देकर कहा गया है कि इस तरह के वीडियो का प्रसार एक विशेष समुदाय को उकसाने और समाज में नफरत का माहौल पैदा करने के लिए किया गया। कांग्रेस ने आशंका जताई है कि इससे राज्य में सामाजिक सौहार्द गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

दिसपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराने के दौरान दोनों विधायकों के साथ असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया और कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन बेदाब्रत बोरा और स्टेट कॉर्डिनेटर गोपाल शर्मा भी मौजूद थे। FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई और मुख्यमंत्री सरमा की तत्काल गिरफ्तारी पर जोर दिया।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !