
रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया है। अब बिहार में बीजेपी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 101 सीटें ही जेडीयू को मिली हैं। चिराग पासवान से लंबी चर्चा के बाद उनकी पार्टी LJP को 29 सीटें दी गई हैं। सीट शेयरिंग में दो पार्टियों की सीटों में सबसे ज्यादा कटौती की गई है। हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को 6 सीटें मिली हैं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम को 6 सीटों पर चुनाव लड़ने पर मोहर लगी है।
वहीं सोमवार को एनडीए की ओर से पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जिसमें सीट शेयरिंग पर जानकारी दी जाएगी। बता दें, चिराग पासवान की ओर से 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की डिमांड रखी गई थी। लंबी चर्चा के बाद आखिरकार चिराग पासवान 29 सीटों पर राजी हुए हैं। जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी को मात्र 6 सीटें दी गई हैं, लेकिन जीतन राम मांझी का कहना है कि वह इतनी सीटों पर संतुष्ट हैं।
जेडीयू और बीजेपी दोनों बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अब जेडीयू और बीजेपी दोनों बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं। इससे पहले तक जेडीयू हमेशा बीजेपी से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ती आई है। 2020 पर नजर डाली जाए तो जेडीयू को 115 सीटें मिली थीं, जबकि बीजेपी ने 110 सीटों पर ही चुनाव लड़ा था। आखिरकार अब बीजेपी और जेडीयू दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि बीजेपी का प्रदर्शन हर चुनाव में सुधरता गया है, एक कारण यह भी है कि बीजेपी ने अब ज्यादा सीटों की डिमांड की है। वहीं दूसरी ओर बिहार में चिराग पासवान का बोलबाला भी अब बढ़ गया है। चिराग पासवान की पार्टी ने 2020 में अकेले चुनाव लड़ा था। उस दौरान वीआईपी एनडीए का हिस्सा थी, मगर अब वीआईपी ने महागठबंधन का थाम लिया है।
गठबंधन में सीट शेयरिंग का कब होगा ऐलान?
वहीं सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस की ओर से भी बड़ा बयान आया है। दरअसल, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान का कहना है कि कल तक कांग्रेस की ओर से भी सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर कोई दिक्कत नहीं हो रही है। हालांकि मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को लेकर फिलहाल खूब चर्चा देखने को मिली थी। उन्हें लेकर शकील अहमद का कहना है कि हर इंसान को अपनी बात रखने की आजादी है। कल हमारी ओर से भी सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया जाएगा। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का कहना है कि अब तक एनडीए की ओर से सीट शेयरिंग की घोषणा का इंतजार किया जा रहा था, अब उसके अनुसार ही गठबंधन की ओर से भी सीटों का ऐलान होगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

