इंटरनेट ट्रैफिक को लेकर भेजा जा रहा ईमेल फर्जी, कोर्ट के नकली आदेश को दिखाकर लोगों को ठग रहे साइबर अपराधी

साइबर अपराधियों ने अब लोगों को ठगने का नया तरीका ढूंढ निकाला है। अब कोर्ट के नकली आदेश दिखाकर लोगों को ठगा जा रहा है। इसे लेकर सरकारी एजेंसी पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा की है और लोगों को इस तरह के फ्रॉड से बचने की सलाह दी है।
इंटरनेट ट्रैफिक को लेकर भेजा जा रहा ईमेल फर्जी, कोर्ट के नकली आदेश को दिखाकर लोगों को ठग रहे साइबर अपराधी

देश में साइबर क्राइम की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। सरकार इसे रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही है, लेकिन इसके बावजूद अपराधी नई-नई तकनीकों से लोगों को चूना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वे ईमेल, व्हाट्सएप और टेक्स्ट मैसेज के जरिए लोगों को डरा-धमकाकर ठगते हैं। वहीं, अब एक नया तरीका सामने आया है, जिसमें अपराधियों द्वारा कोर्ट का नकली आदेश ईमेल किया जा रहा है और लोगों को डराया जा रहा है।

दरअसल, इस नकली आदेश को दिखाकर साइबर अपराधी लोगों से ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं। इस ईमेल के जरिए लोगों को इंटरनेट ट्रैफिक से जुड़ा कोर्ट का आदेश भेजा जा रहा है। ऐसे में, यदि आपके पास भी इस तरह का कोई मेल आता है, तो सतर्क हो जाएं, क्योंकि यह मेल पूरी तरह फर्जी है और इसमें साइबर अपराधियों की चाल होती है।

पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने इस मेल को फर्जी करार दिया

इस साइबर क्राइम के नए तरीके की जानकारी पीआईबी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है। पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने लोगों को इस तरह के ईमेल से सतर्क रहने की सलाह दी है। पीआईबी ने बताया कि साइबर अपराधी इस तरह के मेल भेज रहे हैं, जिनमें इंटरनेट ट्रैफिक को लेकर कोर्ट के आदेश के तहत डराने या धमकाने की कोशिश की जा रही है। इस मेल में अपराधियों द्वारा लिखा जाता है कि आपने अपने आधिकारिक या निजी इंटरनेट का उपयोग अश्लील कंटेंट देखने के लिए किया है। इसके बाद, इस मेल में किसी एजेंसी का नाम दिया जाता है। सरकार की पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने इस मेल को फर्जी करार दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इससे कैसे बचा जा सकता है?

इसे लेकर पीआईबी ने लिखा है कि यह फर्जी ईमेल है और इससे सावधान रहें। साइबर अपराधी आपको निशाना बना रहे हैं। ऐसे किसी भी ईमेल की शिकायत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर करें। बता दें कि इस तरह के स्कैम से बचने के लिए हमें सावधानियां बरतनी चाहिए। कभी भी ऐसे ईमेल पर क्लिक न करें और इनसे बचने के लिए हमेशा अपने मोबाइल और कंप्यूटर को अपडेट रखें, जिससे आपकी डिवाइस सुरक्षित रहे। अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लेकर बैंक अकाउंट तक मजबूत पासवर्ड रखें। किसी भी संदिग्ध ईमेल, लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें, क्योंकि साइबर अपराधी आपको फंसा सकते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews