
इंडिया ब्लॉक की पार्टियां शनिवार शाम 7 बजे ऑनलाइन बैठक आयोजित करेंगी ताकि देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जा सके। यह बैठक संसद के मॉनसून सत्र से पहले हो रही है जो 21 जुलाई से शुरू होगा। कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वेणुगोपाल ने इस बैठक के लिए कई शीर्ष नेताओं से बात की है। हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस बैठक में शामिल नहीं होंगी।
TMC ने आधिकारिक तौर पर कहा कि उनके नेता 21 जुलाई को कोलकाता में होने वाले एक वार्षिक रैली की तैयारियों में व्यस्त हैं जो 1993 में वामपंथी शासन के दौरान पुलिस फायरिंग में मारे गए 13 लोगों की याद में आयोजित की जाती है। हालांकि, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि असल कारण पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले अपने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देना है। एक TMC सांसद ने कहा, “हम कांग्रेस और वाम दलों के साथ बार-बार मंच साझा नहीं कर सकते क्योंकि बंगाल में हम उनके खिलाफ चुनाव लड़ते हैं। हम राष्ट्रीय मुद्दों पर गठबंधन का समर्थन करते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम उनके हर कदम का अनुसरण करें।”
AAP क्यों नहीं ले रही हिस्सा
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी अब इंडिया ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। सिंह ने कहा कि पिछले साल लोकसभा चुनावों में गठबंधन ने अपनी भूमिका निभाई थी। इंडिया ब्लॉक की आखिरी बैठक 5 जून 2024 को हुई थी जिसमें AAP और TMC सहित 21 दल शामिल हुए थे। शनिवार की बैठक में कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT), DMK, NCP (SP), वाम दल, RJD, JMM और IUML जैसे दल हिस्सा लेंगे।
हरियाणा में हार का असर
पिछले साल लोकसभा चुनावों में अच्छे प्रदर्शन के बाद इंडिया ब्लॉक का उत्साह चरम पर था लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद गठबंधन के भविष्य पर सवाल उठने लगे। फिर भी, गठबंधन के दल संसद के अंदर और बाहर कई मुद्दों पर एकजुट होकर काम कर रहे हैं। यह बैठक मॉनसून सत्र से पहले रणनीति बनाने और गठबंधन की एकता को मजबूत करने का एक प्रयास माना जा रहा है।
