
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उनकी उस टिप्पणी पर सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने अमेरिका को भारत का नेचुरल पार्टनर बताया था। यह टिप्पणी पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक पोस्ट के जवाब में दी थी। रमेश ने इस साझेदारी की प्रकृति पर सवाल उठाए, खासकर ट्रंप के उन बार-बार के दावों के बाद, जिसमें उन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों में व्यापार को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की बात कही थी।
जयराम रमेश ने नेचुरल पार्टनर के दावों पर सवाल उठाते हुए एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से कहा है कि भारत और अमेरिका नेचुरल पार्टनर हैं। अब सवाल यह है: क्या यह साझेदारी इतनी स्वाभाविक है कि ट्रंप ने 35 से अधिक बार दावा किया है कि उन्होंने 10 मई की शाम को भारत-पाकिस्तान सीजफायर के लिए व्यापार का उपयोग किया था?”
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता
इससे पहले, बुधवार को पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता से इस साझेदारी की असीम संभावनाओं को खोला जा सकता है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि नई दिल्ली और वाशिंगटन नेचुरल पार्टनर हैं और वह इन वार्ताओं की प्रगति को लेकर आश्वस्त हैं। पीएम ने ट्रंप से बात करने की इच्छा भी जताई और कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
पीएम मोदी से बात करने के लिए उत्सुक
यह बयान ट्रंप के मंगलवार को ट्रुथ सोशल पर दिए गए बयान के बाद आया, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को दूर करने के लिए चल रही वार्ताओं को लेकर उत्साह जताया था। ट्रंप ने कहा कि वह आने वाले हफ्तों में पीएम मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हैं और उन्हें विश्वास है कि दोनों देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष निकाला जाएगा।
