
Saugata Roy TMC
लोकसभा में ई-सिगरेट को लेकर हुए हंगामे के बाद टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि सदन के अंदर सिगरेट पीना मना है, सदन के बाहर खुली जगह पर सिगरेट पीने में कोई पाबंदी नहीं है। इसी के साथ उन्होंने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि एक तरफ उनके सांसद इस तरह के अनर्गल बातों को तूल दे रहे हैं, वहीं उन्हीं की सरकार में दिल्ली में प्रदूषण सबसे ज्यादा है।
दरअसल लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान अनुराग ठाकुर ने स्पीकर ओम बिरला से पूछा कि क्या संसद में ई-सिगरेट का उपयोग अनुमति प्राप्त है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के एक सांसद को लगातार सदन में ई-सिगरेट पीते देखा गया है और इस पर संसदीय मर्यादा के अनुरूप कार्रवाई होनी चाहिए।
लोकसभा में ई-सिगरेट पर हंगामा
लोकसभा में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया जब बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने सदन के अंदर ई-सिगरेट पीने का गंभीर आरोप लगाया। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा साफतौर पर तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद पर था। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि “देश में ई-सिगरेट पर पूरी तरह प्रतिबंध है, लेकिन पिछले कई दिनों से एक सांसद सदन में बैठकर ई-सिगरेट पी रहा है। क्या लोकसभा में इसके लिए विशेष अनुमति दे दी गई है।” उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां नियम विरूद्ध होने के साथ संसद की मर्यादा के भी विपरित है।
स्पीकर ने कहा ‘नियमानुसार कार्रवाई करेंगे’
इसे लेकर स्पीकर बिरला ने स्पष्ट किया कि लोकसभा में ई-सिगरेट का उपयोग किसी भी रूप में अनुमति प्राप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इस संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो वे नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सदन की गरिमा बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
टीएमसी सांसद का पलटवार
अनुराग ठाकुर के इस आरोप के बाद अब टीएमसी सांसद सौगत रॉय की प्रतिक्रिया सामने आई है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि ‘हाउस के अंदर सिगरेट पीना मना है। हाउस के बाहर खुली जगह पर सिगरेट पीने पर कोई पाबंदी नहीं है। बीजेपी जो आरोप लगाती है, उन्हीं की सरकार के समय दिल्ली में प्रदूषण सबसे ज्यादा है। हमारी एक सिगरेट से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पहले वो प्रदूषण कम करने का काम करे।” उन्होंने कहा कि बीजेपी विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों से घबराई हुई है इसीलिए इस तरह की बातों से ध्या भटकाने की कोशिश कर रही है। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी नेता द्वारा कही गई कोई बात gospel truth नहीं है और उसे इतना तूल देने की ज़रूरत नहीं है।
#WATCH | दिल्ली: सदन में ई-सिगरेट विवाद पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा, "कोई आरोप नहीं है। सदन के अंदर सिगरेट पीना मना है लेकिन सदन के बाहर खुली जगह में सिगरेट पीने पर कोई आपत्ति नहीं है। भाजपा जो आरोप लगाती है उन्हीं की सरकार के समय में दिल्ली में प्रदूषण सबसे अधिक है…" pic.twitter.com/cmjB6HLQbf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 12, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

