Lok Sabha Election 2024 : अंतिम चरण के लिए वोटिंग जारी, राहुल गांधी ने कहा ‘4 जून को देश में नया सवेरा आएगा’

राहुल ने मतदाताओं से अपील की है कि वो ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में मतदान करें। उन्होंने कहा कि अहंकार और अत्याचार का प्रतीक बन चुकी सरकार के खिलाफ़ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वोट ज़रूर करें। आज उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पंजाब, हिमाचल, झारखंड चंडीगढ़ में वोट डाले जा रहे हैं।
Rahul

Lok Sabha Election 2024 : देश में आज लोकसभा चुनाव के लिए सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान हो रहा है। 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित रविशंकर प्रसाद, अनुराग ठाकुर, मीसा भारती, कंगना रनौत, रवि किशन जैसे दिग्गजों की क़िस्मत का फ़ैसला होगा। राहुल गांधी ने वोटर्स से अपील की है कि वो अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

राहुल गांधी ने मतदाताओं से की अपील 

जून की शुरुआत  राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है कि ‘प्यारे देशवासियों! आज सातवें और अंतिम चरण का मतदान है और अब तक के रुझानों से स्पष्ट है कि देश में INDIA की सरकार बनने जा रही है। मुझे गर्व है कि झुलसा देने वाली गर्मी में भी आप सभी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वोट देने निकले हैं। आज भी बड़ी संख्या में बाहर निकल कर अहंकार और अत्याचार का प्रतीक बन चुकी इस सरकार पर अपने वोट से ‘अंतिम प्रहार’ ज़रूर कीजिए। 4 जून का सूरज देश में एक नया सवेरा लेकर आने जा रहा है।’

आज के मतदान के बाद सभी को नतीजों का इंतज़ार 

आज उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की 8, पश्चिम बंगाल की 9, ओडिशा की 6, पंजाब की 13, हिमाचल की 4, झारखंड की 3 और चंडीगढ़ की 1 सीट के लिए मतदान हो रहा है। आखिरी चरण में 904 उम्मीदवार मैदान में हैं और 10.6 करोड़ मतदाता अपना वोट डाल रहे हैं। इस चरण के साथ ही 19 अप्रैल से शुरु हुए मतदान के सभी चरण संपन्न हो जाएँगे। 4 जून को मतगणना की जाएगी और साफ़ हो जाएगा कि इस बार किसे जनादेश मिला है।इससे पहले बीजेपी और इंडिया गठबंधन दोनों ही अपनी अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। एक तरफ़ जहां बीजेपी ने 400 पार का नारा दिया है, वहीं कांग्रेस गठबंधन के कई नेता कह चुके हैं कि वो 300 से अधिक सीटों के साथ बहुमत प्राप्त करेंगे। इस चरण के मतदान के बाद अब सबकी नज़रें नतीजों पर टिकी हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews