सीएम डॉ. मोहन यादव की बेंगलुरु में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में सहभागिता, मध्य प्रदेश को 3200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर बेंगलुरु में आयोजित सेशन में आईटी, टेक्सटाइल, फार्मा जैसे उद्योग सेक्टर के उद्योगपतियों ने शिरकत की। मुख्यमंत्री ने यहाँ 30 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों से वन-टू-वन मीटिंग की। इस दौरान बेंगलुरु में स्थापित प्रमुख कंपनियां Infosys, Cognizant, TCS समेत अन्य संस्थाओं के साथ मध्यप्रदेश में आईटी के विकास और उनके भविष्य की योजनाओं के संबंध में राउंड टेबल चर्चा की गई।
सीएम डॉ. मोहन यादव की बेंगलुरु में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में सहभागिता, मध्य प्रदेश को 3200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

CM Dr. Mohan Yadav in Bengaluru interactive session : सीएम डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में निवेश प्रोत्साहन के लिए बेंगलुरु में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में भाग लिया। ‘Interactive Session on Investment Opportunities in Madhya Pradesh’ में 15 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय राजनयिक मिशनों ने भागीदारी की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश को लगभग 3200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे लगभग 7000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में MP के 4 विभागों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया एवं 3 कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा उनके अनुभव भी साझा किए गए।

मुख्यमंत्री ने की उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग

बेंगलुरु में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भागीदारी की। यहाँ कर्नाटक एवं आसपास के राज्यों के निवेशकों ने सहभागिता की। 10 से अधिक औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। यहाँ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 30 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों से वन-टू-वन मीटिंग की। इस दौरान बेंगलुरु में स्थापित प्रमुख कंपनियां Infosys, Cognizant, TCS समेत अन्य संस्थाओं के साथ मध्यप्रदेश में आईटी के विकास और उनके भविष्य की योजनाओं के संबंध में राउंड टेबल चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में सहभागिता करने के बाद कहा कि हम मध्यप्रदेश में जल्द ही कई आईटी कंपनियों को कैंपस बनाते देखेंगे।

सीएम ने एवीजीसी-एक्सआर नीति 2024 लॉन्च की

मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर बेंगलुरु में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में आईटी, टेक्सटाइल, फार्मा जैसे उद्योग सेक्टर के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से एवीजीसी-एक्सआर नीति 2024 लॉन्च की। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) अपना एक नया सेंटर मध्यप्रदेश में खोल सकता है, इसको लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। सीएम ने कहा कि ‘आयोजन के दौरान, मैंने प्रमुख उद्योगपतियों के साथ गोलमेज बैठकें और एक-पर-एक चर्चा की, उन्हें मध्य प्रदेश के अनुकूल निवेश पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में बताया और उन्हें हमारे राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ कई समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए।’

मध्य प्रदेश में निवेश के लिए किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘भारत का हृदय प्रदेश मध्य प्रदेश निवेश के नए रास्ते तलाशने के लिए सभी उद्योगपतियों और निवेशकों का स्वागत करने के लिए तैयार है। राज्य उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे, अधिशेष बिजली, मजबूत कनेक्टिविटी, उद्योग-अनुकूल नीतियों, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, भौगोलिक लाभों के साथ-साथ प्रचुर खनिज और वन संसाधनों का दावा करता है। परंपरागत ऊर्जा, नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, उद्योग, कृषि एवं बागवानी प्रत्येक क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला मध्य प्रदेश निरंतर नये कीर्तिमान रच रहा है। मध्यप्रदेश आप सभी को आमंत्रित कर रहा है और मुझे विश्वास है कि आप बेंगलुरु की भांति मध्यप्रदेश में भी उतनी ही शक्ति के साथ अपने व्यापार में आगे बढ़ेंगे।’ उन्होंने कहा कि कर्नाटक और मध्य प्रदेश के बीच व्यापार-व्यवसाय के नए मार्ग खोलने के लिए मैं बेंगलुरु आया हूँ। आईटी सेक्टर, एनर्जी और माइनिंग जैसी बड़ी संभावनाओं वाले सेक्टर्स के निवेशकों ने मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर बड़ा उत्साह दिखाया है। हम प्रदेश में निवेश के इच्छुक उद्योगपतियों की हरसंभव मदद करेंगे। सीएम ने 28 अगस्त को ग्वालियर में होने वाले रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में सभी निवेशकों और उद्यमियों को आमंत्रित भी किया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews