National Press Day 2022 : पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करने का दिन, जानिये क्यों मनाया जाता है प्रेस दिवस

National Press Day 2022 : पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करने का दिन, जानिये क्यों मनाया जाता है प्रेस दिवस

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस (National Press Day 2022) है। हर साल 16 नवंबर को नेशनल प्रेस डे मनाया जाता है जिसका मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता की आजादी के प्रति जागरूकता फैलाना है। 4 जुलाई 1966 को भारतीय प्रेस परिषद (Press Council of India) की स्थापना की गई और 16 नवंबर 1966 से परिषद ने अपना कार्य प्रारंभ किया, तभी से हर साल ये दिन मनाया जाता है।

पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। भारत में प्रेस को वॉच डॉग और भारतीय प्रेस परिषद को मोरल वॉच डॉग कहा जाता है। आज का दिन प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी जिम्मेदारी के प्रति ध्यानाकर्षण का दिन है। हम ये समझते मीडिया की शक्ति क्या है और लोकतंत्र के मूल्यों की सुरक्षा और उसे बहाल करने में उसकी कितनी अहम भूमिका है। आज पत्रकारिता का क्षेत्र बहुत व्यापक हो गया है। अखबार, टीवी के अलावा अब वेब जर्नलिज्म या डिजिटल मीडिया भी मुख्यधारा पत्रकारिता में सम्मिलित है और सूचनाओं का आदान प्रदान तीव्र गति से हो रहा है। वहीं सोशल मीडिया जानकारियों के प्रसार के एक समानांतर स्त्रोत के रूप में उभरा है, लेकिन उसकी सत्यता हमेशा प्रामाणिक नहीं होती।

भारतीय संविधान के अनुच्छेद-19 में भारतीयों को दिए गए अभिव्यक्ति की आजादी के अधिकार से भारत में प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित होती है। पत्रकारिता सूचनात्मक व शिक्षाप्रद व समाज में घटने वाली घटनाओं की जानकारियां पहुंचाने के साथ एक मिशन भी है। संतुलन, तथ्यपरकता, वस्तुनिष्ठता आधारभूत तत्व है। आज नेशनल प्रेस डे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि ‘प्रेस के प्रयासों से ही राष्ट्र की चेतना जागृत अवस्था में रहती है और यही जागृति राष्ट्र एवं समाज के नवनिर्माण के लिए अखण्ड ज्योत बनकर ध्येय प्राप्ति में सहयोगी बनती है। प्रेस अपने पवित्र उद्देश्य में सफल रहे, शुभकामनाएं!’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews