Om Birla Lok Sabha speaker: शुभकामनायें देते हुए राहुल बोले, उम्मीद करते हैं आप हमें बोलने देंगे, चिराग ने दी विपक्ष को नसीहत, कहा- जिस आचरण की उम्मीद आप हमसे रखते हैं वो आप भी दिखाएँ

चिराग पासवान ने कहा कहा कि विपक्ष आज डिप्टी स्पीकर की मांग कर रहा है लेकिन उनकी राज्य सरकारों में कई जगह स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पद उनके ही पास हैं तो जिस आचरण की उम्मीद आप हमसे रखते हैं उसे आप भी दिखाएँ।
Rahul Gandhi-Om Birla-Chirag Paswan

Om Birla Lok Sabha speaker: कोटा राजस्थान से चुनकर आये भारतीय जनता पार्टी के सांसद ओम बिरला 18 वीं लोकसभा के लिए स्पीकर चुन लिए गए उन्होंने INDIA ब्लाक के उम्मीदवार वरिष्ठ सांसद के सुरेश को शिकस्त दी, चुनाव के बाद सदन में मौजूद सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को बधाई दी और उन्हें शुभकामनायें दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सरकार के मंत्रियों और विपक्ष के नेताओं ने ओम बिरला पर शुभकामनायें देते हुए उनके 17वीं  लोकसभा के स्पीकर के कार्यकाल की प्रशंसा की, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जब खड़े हुए तो उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि विपक्ष को भी यहाँ बोलने का मौका दिया जायेगा, विपक्ष की आवाज को दबाना गैर संवैधानिक होगा।

राहुल गांधी बोले- उम्मीद है विपक्ष को बोलने का मौका दिया जायेगा 

राहुल ने कहा कि सरकार के पास सत्ता की ताकत है राजनैतिक शक्ति है लेकिन विपक्ष भी भारत के लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, इस बार तो और ज्यादा प्रतिनिधित्व कर रहा है, उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि मैं उम्मीद करता हूँ स्पीकर सर कि आप विपक्ष को बोलने का मौका देकर देश की आवाज को यहाँ रखने का मौका देंगे।

अखिलेश यादव का अनुरोध- निष्कासन जैसी कार्यवाही फिर ना हो 

सपा प्रमुख सांसद अखिलेश यादव ने ओम बिरला को बधाई देते हुए कहा कि निष्पक्षता इस महान पद की बड़ी जिम्मेदारी है। आप यहाँ लोकतांत्रिक न्याय के न्यायाधीश की तरह बैठे हैं हम सबकी आपसे अपेक्षा है कि किसी भी जन प्रतिनिधि की आवाज दबाई ना जाये और ना ही निष्कासन जैसी कार्यवाही की जाये जिससे फिर सदन की गरिमा को ठेस पहुंचे।

चिराग पासवान ने 17वीं लोकसभा के फैसलों की तारीफ की   

उधर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा स्पीकर सर आपको शुभकामनायें देते हुए ख़ुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि  17वीं लोकसभा में आपने महिला सांसदों और युवा सांसदों को जो स्नेह दिया वो याद रखने वाला है आपने पिछले पांच साल में जो फैसले लिए ये देश भूल नहीं सकता है उसने लोकतंत्र को मजबूत किया है। मैं यहाँ बैठे साथियों से कहना चाहता हूँ कि जहाँ चुनाव लड़ना था हम लोग लड़ चुके, अब सबकी जिम्मेदारी है कि अपने के मुद्दों को यहाँ रखें और अपने देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उठायें।

चिराग ने विपक्ष को दी नसीहत- एक ऊँगली उठाते हैं तो चार आपकी तरफ होती हैं 

चिराग ने कहा यहाँ हम आपको बधाई देने के लिए खड़े हुए हैं लेकिन कई बार जब विपक्ष कोई मुद्दे उठाता है तो उसे याद रखना चाहिए कि एक उंगली उठाते हैं तो चार ऊँगली आपकी तरफ भी उठती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज डिप्टी स्पीकर की मांग कर रहा है लेकिन उनकी राज्य सरकारों में कई जगह स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पद उनके ही पास हैं तो जिस आचरण की उम्मीद आप हमसे रखते हैं उसे आप भी दिखाएँ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews