28 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, दो चरणों में चलेगी कार्यवाही, किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर दी जानकारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के संसदीय बजट सत्र के कार्यक्रम को औपचारिक मंजूरी दे दी है। बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और यह 2 अप्रैल तक चलेगा।
Budget 2026

संसद के बजट सत्र 2026 को लेकर तारीख सामने आ गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के संसदीय बजट सत्र के कार्यक्रम को औपचारिक मंजूरी दे दी है। बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और यह 2 अप्रैल तक चलेगा। इसकी जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया एक्स पर दी।

बजट सत्र 2026 का पूरा शेड्यूल

किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत सरकार की सिफारिश पर, भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सेशन 2026 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दे दी है। यह सेशन 28 जनवरी 2026 को शुरू होगा और 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। पहला फेज़ 13 फरवरी 2026 को खत्म होगा, और संसद 9 मार्च 2026 को फिर से बैठेगी, जो मतलब वाली बहस और लोगों पर केंद्रित शासन की दिशा में एक जरूरी कदम है।

नये साल पहले सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का पारंपरिक अभिभाषण होता है। लेकिन बीटिंग रिट्रीट समारोह के कारण 29 जनवरी को दोनों सदनों की बैठक नहीं होगी। संसद की बैठक 30 जनवरी को होगी, जिस दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है। इसके बाद, 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की बैठक नहीं होगी।

अब बात है केंद्रीय बजट पेश करने की, परंपरा के मुताबिक हर साल 1 फरवरी ही बजट पेश किया जाता है लेकिन साल 2026 में 1 फरवरी रविवार पड़ रहा है। हालांकि माना जा रहा है कि इस बार भी तय तारीख पर बजट पेश किया जाएगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी अपना 9वां बजट पेश

भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस साल 2026 में 1 फरवरी को अपना 9वां बजट पेश करेंगी। वहीं यह बजट आजादी के बाद देश का 88वां बजट होगा। इसके अलावा साल 2017 से बजट को 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश करने की परंपरा शुरू हुई थी। यह बदलाव पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के कार्यकाल में किया गया था, जिससे नए वित्त वर्ष यानी 1 अप्रैल की शुरुआत से ही बजट की योजनाओं को लागू किया जा सके।

गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अब पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रही है। मोरारजी देसाई ने कुल 10 बार बजट पेश किया था। वहीं, निर्मला सीतारण इस बार 9वीं बार बजट पेश करने वाली हैं। इसी के साथ उनके नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सबसे अधिक बार बजट पेश करने वाली वित्त मंत्री का रिकॉर्ड भी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews