
Premanand Ji Maharaj Vrindavan
भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन में लाखों भक्तों के आराध्य संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से व्याप्त चिंता की आशंका को उस समय विराम मिला जब ग्यारह दिन बाद उनकी पदयात्रा फिर शुरु हुई। मंगलवार तड़के तीन बजे प्रेमानंद जी महाराज अपने श्री राधा हित केली कुंज आश्रम से बाहर निकले और भक्तों को दर्शन दिए। इसी के साथ उन्होंने परिक्रमा मार्ग की ओर प्रस्थान किया।
प्रेमानंद जी महाराज की पदयात्रा वृंदावन के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से शुरू हुई जहां सैकड़ों भक्तों ने उनका स्वागत किया। उनको देखते ही भक्त भावुक हो गए वहां राधे-राधे के जयकारे लगाए। यह उनकी ग्यारह दिनों बाद की पहली पदयात्रा थी जो पहले की दो किलोमीटर लंबी यात्रा के मुकाबले 100 मीटर तक सीमित रही। लेकिन उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर ने भक्तों के चेहरों पर खुशी ला दी है।
संत प्रेमानंद जी महाराज ने फिर शुरु की पदयात्रा
मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के प्रसिद्ध संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज..जिन्हें ‘प्रेमानंद जी महाराज’ के नाम से जाना जाता है एक बार फिर पदयात्रा प्रारंभ कर चुके हैं। पिछले कुछ समय से उनके स्वास्थ्य को लेकर भक्तों में चिंता का माहौल था। किडनी संबंधी पुरानी समस्या और कठोर दिनचर्या के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आई थीं, जिसके चलते दो अक्टूबर से उनकी नियमित रात्रि पदयात्रा और सार्वजनिक दर्शन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए गए थे। अब आश्रम की ओर से जारी आधिकारिक बयानों और चिकित्सकों के अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।
देश विदेश से लोग कर रहे हैं स्वस्थ होने की प्रार्थना
बता दें कि प्रेमानंद जी महाराज लंबे समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं और उनका नियमित डायलिसिस होता हैं। पिछले सप्ताह उनकी स्थिति थोड़ी गंभीर हो गई थी, जिसके कारण आश्रम ने 5 दिनों तक डायलिसिस जारी रखने की जानकारी साझा की गई थी। प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य के लिए सिर्फ हिंदू भक्त ही नहीं बल्कि अन्य धर्मों के अनुयायी भी प्रार्थना कर रहे हैं। प्रयागराज के एक मुस्लिम युवक सुफियान ने मदीना शरीफ पहुंचकर गुंबद-ए-खिजरा के सामने उनकी शीघ्र स्वस्थता और लंबी आयु के लिए दुआ की। एक अन्य वीडियो में अजमेर शरीफ दरगाह पर भी उनके स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना की गई। भक्तों का मानना है कि महाराज जी का प्रेम और शांति का संदेश सभी धर्मों को जोड़ता है, जिसके कारण वे एकता की मिसाल बन गए हैं और सभी धर्मों के लोग उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

