मदीना से प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ! मुस्लिम युवक सुफियान ने पेश की मिसाल, फिर क्यों हटाया सोशल मीडिया से वीडियो?

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रयागराज के सुफियान मदीना से प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद उनके पिता ने इसे हिंदू-मुस्लिम एकता का उदाहरण बताया था, लेकिन अब मुस्लिम युवक सुफियान को धमकी मिली है।
मदीना से प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ! मुस्लिम युवक सुफियान ने पेश की मिसाल, फिर क्यों हटाया सोशल मीडिया से वीडियो?

सोशल मीडिया पर इस समय हिंदू-मुस्लिम एकता का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने कई लोगों के दिल को छू लिया है। दरअसल, यह वीडियो प्रयागराज के प्रतापपुर क्षेत्र के मुस्लिम युवक सुफियान का है, जो मदीना में जाकर प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने की दुआ करते हुए दिखाई दिए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों की ओर से सुफियान को इंसानियत, भाईचारे और नेक नियत की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन इसके साथ ही अब सुफियान को धमकियां भी दी जा रही हैं और इस वीडियो को हटाने का दबाव बनाया गया।

वहीं, सुफियान के पिता मोहम्मद फिरोज ने इस वीडियो को हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बताया। उनका कहना है कि प्रेमानंद महाराज को न सिर्फ उनका बेटा पसंद करता है, बल्कि पूरा परिवार और आसपास के लोग भी पसंद करते हैं। इसके साथ ही मोहम्मद फिरोज ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में राजनीति नहीं की जानी चाहिए और मजहब हमें कभी भी आपस में बैर करने की शिक्षा नहीं देता।

सुफियान ने अपने अकाउंट से इस वीडियो को हटाया

हालांकि, सोशल मीडिया से अब सुफियान ने अपने अकाउंट से इस वीडियो को हटा दिया है। वहीं, उनकी ओर से एक नया वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने सफाई दी है। इस नए वीडियो में उन्होंने कहा है कि उन्हें किसी भी तरह की धमकी नहीं मिली है, जबकि पहले यह जानकारी सामने आई थी कि उन्हें धमकी दी गई है। इसके साथ ही सुफियान की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि उन्होंने सोशल मीडिया से अपना वीडियो क्यों हटाया है। दरअसल, वीडियो में देखा गया कि सुफियान के हाथ में मोबाइल है और वह मदीना की पवित्र मस्जिद के सामने खड़े हैं। इस मोबाइल में प्रेमानंद महाराज का फोटो दिखाई दे रहा है। यह वीडियो लगभग 1 मिनट 21 सेकंड लंबा था।

वीडियो में क्या कहा गया था?

दरअसल, इस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सुफियान कहते हैं कि हिंदुस्तान के प्रेमानंद महाराज एक नेक इंसान हैं और जब उन्होंने उनकी तबीयत ठीक न होने की खबर सुनी, तो उन्होंने मदीना से अल्लाह से उनके स्वस्थ और लंबी उम्र की दुआ की। सुफियान अपने वीडियो में बताते हैं कि वह प्रयागराज से हैं, जहां गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल दी जाती है और यह शहर हमेशा प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के लिए जाना जाता है। मदीना की पवित्र जगह पर भी इंसानियत सबसे बड़ी चीज होती है। सुफियान की ओर से पोस्ट किए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर कुछ ही समय में ढेर सारे लाइक मिले। लोगों ने इसे खूब पसंद किया और इंसानियत व भाईचारे की मिसाल बताया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews