मायावती का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, आरक्षण पर कांग्रेस की नीयत को लेकर उठाए सवाल, कहा ‘लोग इनके षड्यंत्र से सजग रहें’

दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका दौरे के दौरान आरक्षण पर कहा कि जब भारत एक निष्पक्ष देश होगा तब हम आरक्षण ख़त्म करने के बारे में सोचेंगे। इसके बाद इस बयान पर हंगामा मच गया और फिर उन्होंने सफ़ाई देते हुए कहा कि वे आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन अब उनके विरोधी दल इस मुद्दे पर हमलावर हैं।
Mayawati

Mayawati

Mayawati questions Congress’ intention on reservation : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में आरक्षण को लेकर दिए गए बयान को लेकर उनके विरोधी दल आक्रामक हैं। हालाँकि राहुल ने अपने सफ़ाई देते हुए कहा है कि उसका ग़लत अर्थ निकाला गया है और वो कभी आरक्षण के ख़िलाफ़ नहीं हैं। लेकिन अब इस मुद्दे पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।

मायावती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए आरक्षण के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायावती ने कहा कि राहुल गांधी की हाल ही में दी गई सफाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, पूरी तरह से गुमराह करने वाली और गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पिछली सरकारों ने SC/ST और OBC वर्गों के हितों की उपेक्षा की है, और सत्ता में रहते हुए उनके अधिकारों को सही तरीके से लागू नहीं किया गया।

मायावती ने कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा

दरअसल, कहा जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा था कि ‘जब भारत एक निष्पक्ष देश होगा तब हम आरक्षण ख़त्म करने के बारे में सोचेंगे’। लेकिन इसपर सफ़ाई देते हुए उन्होंने कहा कि ‘किसी ने मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया कि मैं आरक्षण के खिलाफ हूँ। लेकिन मैं साफ कर दूं- मैं आरक्षण के खिलाफ नहीं हूँ। हम आरक्षण को 50% की सीमा से आगे लेकर जाएंगे।’

लेकिन इस मुद्दे पर अब राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर बीएसपी चीफ मायावती ने एक्स पर लिखा है कि ‘कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी की अब यह सफाई कि वे आरक्षण के विरुद्ध नहीं हैं स्पष्टतः गुमराह करने वाली गलतबयानी। केन्द्र में बीजेपी से पहले इनकी 10 साल रही सरकार में उनकी सक्रियता में इन्होंने सपा के साथ मिलकर SC/ST का पदोन्नति में आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया इसका यह प्रमाण। इनके द्वारा देश में आरक्षण की सीमा को 50 प्रतिशत से बढ़ाने की बात भी छलावा, क्योंकि इस मामले में अगर इनकी नीयत साफ होती तो कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों में यह कार्य जरूर कर लिया गया होता। कांग्रेस ने न तो ओबीसी आरक्षण लागू किया और न ही SC/ST आरक्षण को सही से लागू किया। इससे स्पष्ट है कि जब कांग्रेस सत्ता में नहीं होती है तो इन उपेक्षित SC/ST/OBC वर्गों के वोट के स्वार्थ की खातिर इनके हित व कल्याण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जब सत्ता में रहती है तो इनके हित के विरुद्ध लगातार कार्य करती है। ये लोग इनके इस षडयंत्र से सजग रहें।’

आरक्षण को लेकर राहुल गांधी के बयान पर बवाल 

इस तरह मायावती ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने सपा के साथ मिलकर SC/ST के लिए पदोन्नति में आरक्षण बिल को पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से पहले, कांग्रेस की 10 साल की सरकार में राहुल गांधी की सक्रियता के बावजूद, SC/ST वर्ग के लिए पदोन्नति में आरक्षण बिल पास नहीं हुआ। यह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस की नीयत आरक्षण के प्रति कभी साफ नहीं रही है। मायावती के इन आरोपों ने आरक्षण और दलित राजनीति के मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है। देखना होगा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी मायावती के इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews