तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: NDA में सीट शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल, BJP इतनी सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के घटक दलों के बीच सीटों का फॉर्मूला तय हो गया है। चेन्नई में AIADMK मुख्यालय में हुई बैठक के बाद बीजेपी को 27, पीएमके को 18 और एएमएमके को 11 सीटें मिली हैं। गठबंधन के नेताओं ने राज्य में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का भरोसा जताया है।
Tamil Nadu Election 2026

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को टक्कर देने के लिए एनडीए ने अपने घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। सोमवार को चेन्नई स्थित AIADMK मुख्यालय में हुई एक अहम बैठक में इस पर फैसला हुआ, जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी (BJP) 27 सीटों पर अपना दम दिखाएगी।

इस समझौते के मुताबिक, AIADMK के नेतृत्व वाले गठबंधन में पीएमके (PMK) को 18 सीटें और एएमएमके (AMMK) को 11 सीटें दी गई हैं। राज्य की कुल 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इस सीट-बंटवारे के फॉर्मूले के साथ ही एआईएडीएमके ने अपने प्रमुख सहयोगियों को साधकर एक मजबूत मोर्चा बनाने की कोशिश की है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बनी सहमति

सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए हुई बैठक में गठबंधन के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे। इस दौरान AIADMK के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री के. पलानीसामी, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, राज्य भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथ्रान, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास और एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने बातचीत के बाद सहमति बनाई।

‘200 से ज़्यादा सीटें जीतकर आएंगे’

बैठक के बाद एनडीए नेताओं ने गठबंधन की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने दावा किया कि एनडीए गठबंधन 200 से ज़्यादा सीटें जीतेगा।

“हमें पूरा भरोसा है कि हम 234 में से 200 से ज़्यादा सीटें जीतकर सत्ता में आएंगे। राज्य में कानून-व्यवस्था की बहुत बड़ी समस्या है। अगर DMK ने पिछले पांच सालों में तमिलनाडु के लिए इतना कुछ किया है, तो उन्हें गठबंधन के लिए इतनी सारी पार्टियों की ज़रूरत क्यों पड़ रही है?”- अंबुमणि रामदास, अध्यक्ष, PMK

उन्होंने डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, वसूली और कमीशन के अलावा उनकी कोई उपलब्धि नहीं है। रामदास ने कहा, “DMK डरी हुई है। लोगों ने उन्हें पांच साल का मौका दिया है और अब लोग उन्हें सत्ता से बाहर निकालने का इंतज़ार कर रहे हैं।”

वहीं, बीजेपी नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक मजबूत गठबंधन बनाया गया है जो चुनाव जीतने जा रहा है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews